शिवसेना और अभिनेत्री कंगना रणौत विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (पीओके) से करने वाले बयान को सही ठहराने पर शिवसेना ने पलटवार किया है। शिवसेना प्रवक्ता व परिवहन मंत्री अनिल परब ने कहा कि यदि कंगना को मुंबई पीओके की तरह लग रही है तो उन्हें बोरिया बिस्तर समेट लेना चाहिए।
परब ने नौसेना के सेवानिवृत्त अधिकारी मदन शर्मा से मारपीट करने वाले शिवसैनिकों को बचाव करते हुए कहा कि हम इसका समर्थन नहीं करते। अगर शिवसेना अध्यक्ष व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के खिलाफ कोई अपमानजनक पोस्ट या टिप्पणी करता है तो प्रतिक्रिया आ सकती है। इसमें कार्यकर्ता का क्या दोष है। शर्मा को क्या अधिकार है कि वह मुख्यमंत्री के खिलाफ कार्टून पोस्ट करें।
परब ने कहा कि महाराष्ट्र की राजनीति ठाकरे ब्रांड के इर्द-गिर्द घूमती है। राज्य में ठाकरे ब्रांड का विकल्प नहीं है। इसलिए विपक्ष ठाकरे ब्रांड को कमजोर कर शिवसेना को खत्म करने की कोशिश कर रहा है। लेकिन यह ब्रांड बहुत मजबूत है।