मुंबई में कोरोना संकट के बीच बांद्रा-कुर्ला कांप्लेक्स (बीकेसी) में एमएमआरडीए ग्राउंड पर बनाए गए ओपन कोविड अस्पताल निसर्ग चक्रवात के चलते खाली कर दिया गया है। मंगलवार को बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के अधिकारियों ने यहां भर्ती करीब 150 मरीजों को वरली में बने कोरोना केयर सेंटर में शिफ्ट किया।
निसर्ग तूफान के खतरे को देखते हुए बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) ने भी किसी भी स्थिति से निपटने की तैयारी की है। इसके तहत फायर ब्रिगेड ने मुंबई के 6 बीच पर 93 लाइफ गार्ड्स तैनात किए हैं।
मुंबई के बीच पर्यटन के प्रमुख केंद्र हैं जहां सुबह और शाम लोगों की भीड़ रहती है। लेकिन मुंबई पुलिस ने एडवाइजरी जारी कर नागरिकों से बीच और पार्क में जाने से रोक लगा दी है।
वहीं, जीवन रक्षक दल के जवानों ने बीच पर मोर्चा संभाल लिया है। लाइफ गार्ड्स को आपात स्थिति में बचाव के लिए आधुनिक साजो सामान उपलब्ध कराया गया है।
जिसमें रेस्क्यू लाइफ ट्यूब, रेस्क्यू बोर्ड, फर्स्ट एड किट, बीबीएम, लाइफ जैकेट, ऑक्सिजन सिलिंडर, मेगा फोन, वॉकी टाकी, रेस्क्यू रोप, बम बैग, पॉकेट ग्लव्स, टॉर्च, नाइफ व स्पिन बोर्ड सहित अन्य सामान मुहैया कराया है।
चक्रवाती तूफान के कारण बीएमसी की फ्लड रेस्क्यू टीम को अलर्ट पर रखा गया है। फायर ब्रिगेड चीफ ने बताया कि मुंबई के सभी फायर ब्रिगेड स्टेशन के साथ फायर स्टेशनों को तैयार रखा गया है।
150 फ्लड रेस्क्यू मेंबर्स को इन फायर स्टेशनों पर तैनात कर दिया गया है। साथ ही 5 रेस्क्यू टीम भी एलर्ट पर है। जिनके पास लिफ्टिंग बेड्स, वेरियस कटर, फ्लड लाइट्स और स्ट्रेचर आदि शामिल हैं।