कृषि क्षेत्र में कार्यरत बीज व कीटनाशक बनाने वाली कंपनी यूनाईटेड फॉस्फोरस लि. (यूपीएल) ने कोरोना से निपटने के लिए पीएम केयर्स कोष में 75 करोड़ रुपये की आर्थिक मदद की है। इसके साथ ही, कोरोना वायरस से निपटने के लिए कंपनी ने सैनिटाइज करने के लिए जरूरी उपकरण भी मुहैया कराए हैं।
कंपनी के प्रवक्ता ने बताया कि हम अपने शैक्षणिक संस्थानों को क्वरंटीन सेंटर में तब्दील करने की तैयारी में जुटे हैं। यूपीएल के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राज श्राफ ने बताया कि कंपनी ने सरकार को 200 अत्याधुनिक स्प्रे मशीन उपलब्ध कराई हैं।
कंपनी के 225 कर्मचारी कोरोना वायरस के खिलाफ चल रही जंग में अपना योगदान दे रहे हैं। कंपनी के कर्मचारी स्थानीय निकायों को अस्पतालों, सार्वजनिक स्थलों आदि को सैनिटाईज करने में भी मदद कर रहे हैं।
अब तक कंपनी की तरफ से महाराष्ट्र, गुजरात, पंजाब, हरियाणा, मध्यप्रदेश, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश में 11.2 लाख लीटर विषाणुनाशक घोल का इस्तेमाल किया जा चुका है।