खतरनाक कोरोना वायरस अब मुंबई की झुग्गी-झोपड़ियों में भी फैलने लगा है। वहीं, गुरुवार को मुंबई में 57 नए मरीज सामने आए, जिससे हाहाकार मच गया है। एशिया की सबसे बड़ी झोपड़पट्टी कही जाने वाली धारावी में कोरोना वायरस से संक्रमित एक व्यक्ति की मौत से इससे निपटने की चुनौती बढ़ गई है।
बीएमसी के जनसंपर्क अधिकारी विजय खबाले पाटिल ने बताया कि धारावी में कोरोना वायरस का संक्रमण चिंता की बात है। पिछले हफ्ते सर्वे के साथ ही 9 लाख लोगों की मेडिकल हिस्ट्री जांची गई थी। इसके अलावा 90 लोगों के सैंपल जांच के लिए भेजे गए थे। हालांकि उस समय सभी की रिपोर्ट निगेटिव आई थी। चिंता की बात यह है कि जिस व्यक्ति की मौत हुई है वह कभी विदेश नहीं गया था।
देश की आर्थिक राजधानी दिल्ली के हजरत निजामुद्दीन में आयोजित तबलीगी मरकज के कार्यक्रम में महाराष्ट्र से 1400 लोग शामिल हुए थे। गुरुवार को राज्य के स्वास्थ्य मंत्री राजेश टोपे ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस टेस्टिंग के लिए मरकज से लौटे लोगों का सैंपल लिया जाएगा। सरकार लगातार इन पर निगरानी बनाए हुए है।
दिल्ली के निजामुद्दीन मरकज में तब्लीगी जमात के आयोजन में शामिल हुए लोगों को होम क्वारंटीन (एकांतवास) में रखने का काम शुरू है। टोपे ने बताया कि इनमें पुणे, मुंबई, अहमदनगर, नागपुर, ठाणे, पिंपरी-चिंचवड़, हिंगोली और सातारा के लोग शामिल थे।
महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने लॉक डाउन के नियमों का पालन नहीं करने वालों को एक बार फिर से चेताया है। उन्होंने कहा कि जो लोग अभी घर में नहीं रूक रहे हैं वे लोग अस्पताल में जरूर नजर आएंगे। उन्होंने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए नियमों का उल्लंघन करने वालों को जेल भी जाना पड़ेगा। बुधवार से इसकी शुरुआत हो चुकी है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कोरोना वायरस से बचने के लिए होम क्वारंटीन और अस्पताल क्वारंटीन, दो विकल्प हैं। इसलिए कोरोना वायरस की बीमारी से अस्पताल में क्वारंटीन होने की बजाय नागरिक स्वेच्छा से होम क्वारंटीन होकर अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा करें।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि कुछ गैर जिम्मेदार लोगों के कारण कोरोना के मरीजों की संख्या बढ़ रही है। बाजार में सब्जी खरीदने की हो रही भीड़ के कारण लोगों के घरों में कोरोना पहुंचने का खतरा पैदा हो गया है।
उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार की अपील के बाद निजी डॉक्टरों ने दवाखाना और अस्पताल शुरू किया है लेकिन अस्पताल शुरू नहीं करने वाले निजी डॉक्टरों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य में अनाज, खाद्य तेल, दूध, सब्जी, दवाई और ईंधन का भरपूर भंडारण है। राज्य में आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति कभी नहीं रोकी जाएगी।