भोपाल के कलियासोत डैम पर एक युवक अपनी जान पर खेलकर दोस्त को मौत के मुंह से निकाल लाया। दरअसल, दो दोस्त अमित और गजेंद्र डैम पर नहाने गए थे। इसी दौरान अमित को एक मरमच्छ ने पकड़ लिया। अमित की जान मुश्किल में थी, लेकिन गजेंद्र ने हिम्मत करके उसे मगरमच्छ के चंगुल से छुड़ा लिया।
सोमवार दोपहर तीन बजे दोनों दोस्त कलियासोत डैम पर घूमने गए थे। पानी देखकर नहाने की इच्छा हुई तो डैम में उतर गए। नहाने के दौरान इन्होंने एक लकड़ी का सहारा लिया और मोबाइल को वीडियो मोड पर चालू कर नहाने लगे। तभी अचानक मगरमच्छ ने हमला कर दिया और अमित को पानी के अंदर खींचकर ले गया। वह खुद को छुड़ाने का प्रयास कर रहा था कि अचानक मगरमच्छ ने मुंह खोला और वह उसके चंगुल से निकल गया। बाहर निकलने पर पता चला कि गजेंद्र ने मगरमच्छ से लड़कर उसकी जान बचाई।
दरअसल, गजेंद्र जब अमित के साथ नहा रहा था तो देखा कि अचानक अमित पानी में आवाज करता हुआ अंदर चला गया। उसने डैम में मगरमच्छ होने की बात सुनी थी इसलिए सतर्क हो गया। उसने जिस लकड़ी पर वीडियो बनाने के लिए मोबाइल को रखा था, उसी को तुरंत निकाला। वह साफ पानी में अमित को देख पा रहा था। उसने मगरमच्छ की पीठ तेजी से पूरी ताकत के साथ लकड़ी गड़ा दी। उसने मुंह खोला तो अमित उसके चंगुल से निकल आया। मगरमच्छ उसे छोड़कर दूर चला गया। यह सब कुछ सेकंड में ही हुआ। हमले में अमित के पैर से खून निकल रहा था। गजेंद्र ने उसके पैर पर टीशर्ट फाड़कर बांधा और तुरंत अस्पताल ले गया जहां अब वह ठीक है।