ग्वालियर में 19 साल की एक युवती को पहले सरे राह अगवा करने और फिर उसके साथ बदमाशों द्वारा सामूहिक दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता का आरोप है कि दो युवकों ने पहले उसे जबरन ऑटो में बैठाया और जबरन पानी में नशीली दवा मिलाकर पिलाई। इसके बाद वह बेहोश हो गई। युवती का आरोप है कि बेहोशी की हालत में दोनों ने उसके साथ गलत काम किया।सबसे चौँकाने और चिंताजनक बात ये है कि पीड़िता को अपने साथ हुई शर्मनाक घटना की शिकायत पर एफआईआर दर्ज कराने के लिए तीन थानों में भटकना पड़ा। पीड़िता सबसे पहले गिरवाई थाने पहुंची, लेकिन वहां महिला अधिकारी मौजूद नहीं होने की बात कहकर उसे दूसरे थाने जाने के लिए कहा गया। इसके बाद परिजन उसे माधौगंज थाने लेकर पहुंचे। वहां महिला पुलिस अधिकारी की मौजूदगी में उसकी शिकायत सुनी गई और शून्य (Zero) पर FIR दर्ज की गई।
पीड़िता के बयान के अनुसार घटना की शुरुआत विश्वविद्यालय थाना क्षेत्र के अल्कापुरी चौराहे से होने की बजह से केस डायरी विश्वविद्यालय थाने भेजी गई। केस डायरी मिलते ही विश्वविद्यालय पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया। पीड़िता ने बताया कि वह महाराज बाड़े जाने के लिए निकली थी। अल्कापुरी चौराहे के पास आरोपी छोटू खान अपने ऑटो के साथ पहुंचा और उसे ऑटो में बैठने के लिए कहने लगा। युवती ने ऑटो में बैठने से इनकार कर दिया। आरोप है कि इसके बाद छोटू खान ने उसे जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान ऑटो की पिछली सीट पर बैठे नरेश कुशवाह ने युवती का हाथ पकड़ लिया और उसे जबरन ऑटो में खींचकर बैठा लिया। इसके बाद दोनों आरोपी उसे लेकर वहां से आगे बढ़ गए। ऑटो में बैठाने के बाद ही दोनों आरोपियों ने युवती के साथ अभद्रता शुरू कर दी और उसे अपने पास रखी एक बोतल से जबरन पानी पिलाया। युवती के अनुसार पानी में संभवतः नींद या नशे की दवा मिली हुई थी। पानी पीने के बाद वह बेहोश हो गई। युवती का आरोप है कि बेहोशी की हालत में दोनों युवकों ने उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद मे वे उसे झाड़ियों मे फेंक गए।
ये भी पढ़ें-
शर्मनाक: एनजीओ महिलाकर्मी से दरिंदगी, चारों आरोपी गिरफ्तार; दो ने शोषण किया तो दो ने किया ब्लैकमेल
युवती को जब हल्का होश आया तो वह शहर से दूर बेला की बावड़ी इलाके में झाड़ियों के बीच पड़ी थी। उसके शरीर पर कपड़े नहीं थे और पास में उसके कुछ कपड़े पड़े थे। युवती ने जैसे तैसे कपड़े पहने और एक महिला से जगह के बारे में पूछा। महिला ने उसे बताया कि वह बेला की बावड़ी इलाके में है। इसके बाद युवती ने आसपास मौजूद लोगों से मदद ली और अपने साथ घटित घटना की सूचना परिजनों व पुलिस को दी। विश्वविद्यालय थाना पुलिस ने बताया कि केस डायरी मिलते ही आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। उनकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।