युवक से बचने के लिए बुरी तरह चिल्ला रही थी युवती।
- फोटो : अमर उजाला
मध्यप्रदेश के इंदौर जिले के निपानिया क्षेत्र का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा। एक नीले रंग की कार में एक युवक युवती को पीट रहा था और युवती मदद के लिए चिल्ला रही थी। पीछे बाइक पर आ रहे दो युवकों ने कार का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कार की स्पीड कम हुई तो युवती ने दरवाजा खोला और नंगे पैर ही सड़क पर भागती नजर आई।
वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने युवती को पूछताछ के लिए थाने भी बुलाया, लेकिन उसने आरोपी युवक के खिलाफ शिकायत नहीं की है। वहीं, थाने आई युवती ने कवरेज कर रहे एक कैमरामैन पर हाथ उठाने की कोशिश की और उसके कैमरे पर भी झपट्टा मारा।
जानकारी के अनुसार वायरल वीडियो निपानिया क्षेत्र की स्कीम-134 की एक सड़क का बताया जा रहा है। सुनसान सड़क पर कार में बैठी युवती जोर-जोर से चीख रही थी। दो बाइक सवारों की नजर उस पर पड़ी तो उन्होंने कार का वीडियो बनाना शुरू कर दिया। कार चला रहा युवक युवती के साथ मारपीट कर रहा था। कार की गति धीमी हुई तो युवती ने कार का दरवाजा खोल दिया और निकलने की कोशिश करने लगी।
कार चला रहे युवक ने उसे पीछे से पकड़ने की कोशिश की, लेकिन युवती उसे धक्का देकर बाहर निकल गई। काले रंग की ड्रेस पहने युवती नंगे पैर थी और वैसे ही सड़क पर दौड़ने लगी। कार सवार कौन था और युवती से उसका क्या रिश्ता है। यह अभी तक पता नहीं चल सका है। युवती जब थाने पहुंची तो उसने काले रंग का मास्क लगाया हुआ था। इस दौरान वह मीडिया से कहती नजर आई कि उसके साथ कुछ नहीं हुआ है। थाने से बाहर निकली युवती से एक मीडियाकर्मी ने घटना के बारे में सवाल किया तो कुछ बोलने के बजाए वह कैमरे पर हाथ मारकर थाने से बाहर भाग गई।