बांधवगढ़ नेशनल पार्क में महिला गाइड कराएंगी सैर
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रीय उद्यान बांधवगढ़ में अब देशी और विदेशी सैलानियों को महिला गाइड बांधवगढ़ की सैर कराएंगी। जल्द ही एक अक्टूबर से प्रदेश के सभी नेशनल पार्क खुलने वाले हैं। बांधवगढ़ नेशनल पार्क में महिला गाइडों की नियुक्ति की गई है, जिसका उद्देश्य महिला सशक्तिकरण को बढ़ावा देना है। फिलहाल प्रबंधन की तरफ से 25 महिलाओं को प्रशिक्षण दिया गया है।
बांधवगढ़ में महिला गाइडों के माध्यम से सफारी कराई जाएगी। बांधवगढ़ प्रबंधन द्वारा पर्यटन में महिलाओं की सहभागिता और महिला सशक्तिकरण के साथ-साथ स्थानीय महिलाओं में जागरूकता लाने के उद्देश्य से यह फैसला लिया गया है। इसके तहत बांधवगढ़ प्रबंधन द्वारा 25 महिला गाइडों की भर्ती प्रक्रिया भी पूरी कर ली गई है और पार्क खुलने से पहले सभी महिला एवं पुरुष गाइडों को बकायदा प्रशिक्षण भी दिया जा रहा है, जिससे वे पर्यटकों को बांधवगढ़ की प्राकृतिक सुंदरता से बखूबी अवगत करा सकें। वहीं, प्राकृतिक संसाधनों सहित दुर्लभ वन्यजीवों एवं प्राकृतिक सुंदरता और बांधवगढ़ के इतिहास और वन्यजीवों के संरक्षण को बखूबी बता सकें।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में एक अक्टूबर से शुरू होने वाले पर्यटन पर अब कई सावधानियां बरतनी होंगी, बांधवगढ़ के जंगलों में जंगली हाथियों की मौजूदगी से कई बार पर्यटक सफारी के रूट में बदलाव किया जाता है। वहीं जंगली हाथियों की मौजूदगी के साथ ही सैर कराना थोड़ा कठिन हो सकता है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व प्रबंधन द्वारा सभी नई महिला गाइडों और पहले से कार्यरत सभी गाइडों को पर्यटन को लेकर प्रशिक्षण देकर ट्रेंड किया जा रहा है।