नबुरहानपुर नगर निगम आयुक्त के केबिन में गुरुवार को एक निगमकर्मी की बहू ने सहायक अभियंता अनिल गंगराड़े को कथित रूप से थप्पड़ मार दिया और धक्का देकर उसकी ओर चप्पल भी फेंका। हालांकि, चप्पल उसे नहीं लगी। इसका वीडियो सोशल मीडिया में वायरल हो गया है, जिसमें यह महिला अपने चेहरे को ढकी हुई है और सहायक अभियंता की ओर चप्पल फेंकते हुए नजर आ रही है।
इस महिला का आरोप है कि जब वह अपनी सास की छुट्टी का आवेदन गंगराड़े को उसके कार्यालय में देने गई थी, तो उसने उसे शाम को अकेले घर आने को कहा, जिससे व्यथित होकर उसने यह कदम उठाया। वहीं, गंगराड़े ने महिला द्वारा लगाये गये इन आरोपों को झूठा बताया है।
बुरहानपुर नगर निगम आयुक्त भगवानदास भूमरकर ने मामले को गंभीरता से लेते हुए महिला को आश्वस्त किया है कि जांच के बाद इस पर उचित कार्रवाई की जाएगी तथा साथ ही महिला को भी चेतावनी दी है कि वह भविष्य में ऐसी हरकतें न करे।
थप्पड़ जड़ने वाली महिला ने कहा, हमारे रिश्तेदारी में किसी का निधन हो जाने के कारण मैं अपनी सास की छुट्टी का आवेदन लेकर बुरहानपुर उद्यान प्रभारी (सहायक यंत्री) अनिल गंगराड़े के पास गई थी। इस दौरान गंगराड़े ने कहा कि शाम को अकेले घर आना’। मैंने विरोध किया तो धमकाने लगे।
इससे नाराज महिला कुछ देर बाद दोपहर में अपने पति के साथ नगर निगम आयुक्त भूमरकर से शिकायत करने पहुंची। आयुक्त ने महिला के आरोपों का जवाब देने के लिए गंगराड़े को अपने कैबिन में बुलाया। उनके आते ही महिला ने हाथापाई शुरू कर दी। महिला ने गंगराड़े को थप्पड़ मारा और धक्का देकर उसकी ओर चप्पल भी फेंका। हालांकि, गंगराड़े ने आयुक्त के पीछे छुपकर किसी तरह खुद को बचाया। बाद में आयुक्त ने बीच-बचाव कर महिला और उसके पति को शांत किया।
गंगराड़े ने कहा, निगमकर्मी की बहू मुझे छुट्टी का आवेदन देने आई थी। मैंने महिला से आवेदन लिया और उससे कहा कि ठीक है घर जाओ। महिला झूठा आरोप लगा रही है। बुरहानपुर नगर निगम आयुक्त भूमरकर ने कहा, मैंने महिला से लिखित शिकायत मांगी है। सहायक यंत्री को कारण बताओ नोटिस जारी कर सात दिन में जवाब मागेंगे। मुझे उम्मीद नहीं थी कि एक महिला मेरे कार्यालय में इस तरह की हरकत कर सकती है। मैंने इस महिला को भी उसके द्वारा किए गए खराब व्यवहार के लिए चेतावनी देते हुए कहा है कि भविष्य में वह इस तरह की हरकतें न करे।