इंदौर में अब धीरे-धीरे ठंड का असर नजर आने लगा है। रात में ठंडी हवाएं चल रही हैं। पिछले दो दिनों से तापमान सामान्य से अधिक बना हुआ था, लेकिन अब तूफान का असर कम होने के साथ ही मौसम में बदलाव आने लगा है। आने वाले दिनों में दिन के साथ रात के तापमान में भी गिरावट दर्ज की जाएगी।
शुक्रवार को दिन में शहरवासियों को ठंड का अहसास हुआ। आसमान में बादल छाए रहने के कारण धूप नहीं निकली और अधिकतम तापमान सामान्य से अचानक पांच डिग्री लुढ़क गया। हालांकि, शुक्रवार रात का तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक रहा। दिन की अपेक्षा रात में लोगों को पंखे और कूलर की जरूरत महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, मौसम में यह बदलाव तूफान के प्रभाव के कारण हुआ था, लेकिन अब इसका असर खत्म हो गया है। ऐसे में आने वाले दिनों में मौसम में लगातार ठंडक बढ़ेगी। दिन और रात का तापमान सामान्य से नीचे दर्ज होने की संभावना है।
शनिवार सुबह आठ बजे तक लोगों को हल्की ठंड महसूस होने लगी थी। रात का तापमान 19.5 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि सुबह 8:30 बजे तापमान 22.6 डिग्री रहा। शनिवार को अधिकतम तापमान 26.6 डिग्री दर्ज किया गया, जो सामान्य से पांच डिग्री कम था। वहीं, न्यूनतम तापमान 19.5 डिग्री रहा, जो सामान्य से चार डिग्री अधिक था।
शनिवार सुबह मौसम में हल्की ठंडक रही, लेकिन धूप खिलने के साथ ही तापमान धीरे-धीरे बढ़ने लगा। हवा की गति 15 किलोमीटर प्रति घंटा दर्ज की गई। शनिवार को इंदौर जिले में कहीं भी बारिश नहीं हुई। आसपास के क्षेत्रों में भी मौसम शुष्क रहा और कोहरा नहीं देखा गया। शहर की सड़कों पर दृश्यता भी सामान्य रही। रविवार को सूर्योदय सुबह 6:30 बजे होगा।