सार
विदिशा के सिरोंज क्षेत्र में विधायक उमाकांत शर्मा ने देर रात आनंदपुर थाने का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पुलिसकर्मी आराम करते मिले, जिस पर विधायक ने नाराजगी जताई। घटना का वीडियो वायरल होने से पुलिस व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं।
विदिशा जिले के सिरोंज क्षेत्र में उस समय हलचल मच गई, जब सिरोंज विधायक उमाकांत शर्मा का देर रात आनंदपुर थाने का औचक निरीक्षण सामने आया। बिना किसी पूर्व सूचना के पहुंचे विधायक ने थाने की व्यवस्थाओं और पुलिसकर्मियों की सतर्कता का जायजा लिया। इस दौरान का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद क्षेत्र में पुलिस व्यवस्था को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं।
जानकारी के अनुसार, विधायक उमाकांत शर्मा रात में थाने का शटर खोलकर अंदर पहुंचे और करीब 15 से 20 मिनट तक परिसर में घूमते रहे। निरीक्षण के दौरान उन्हें कई कमरों में पुलिसकर्मी आराम करते हुए मिले, जबकि सक्रिय ड्यूटी पर कोई विशेष गतिविधि नजर नहीं आई। काफी देर तक कोई हलचल न होने पर विधायक ने खुद कर्मचारियों को जगाया और थाने की व्यवस्था को लेकर नाराजगी जताई।
मौके पर मौजूद पुलिस स्टाफ से चर्चा करते हुए विधायक ने कहा कि यदि थाने में ही सुरक्षा और अनुशासन की कमी रहेगी, तो आम नागरिकों की सुरक्षा पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को अपनी जिम्मेदारी समझते हुए सतर्क रहने और कानून-व्यवस्था को प्राथमिकता देने की हिदायत दी। साथ ही यह भी कहा कि छोटी-छोटी लापरवाहियां भविष्य में बड़ी समस्या का कारण बन सकती हैं।
ये भी पढ़ें- फर्जी बिल और दोहरे भुगतान पर जिला प्रबंधक की सेवा समाप्त, 2.80 लाख के गबन पर कलेक्टर ने की कार्रवाई
घटना के बाद स्थानीय लोगों में भी पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर बहस छिड़ गई है। कुछ लोगों ने विधायक के इस कदम को जवाबदेही बढ़ाने की दिशा में जरूरी बताया। वहीं कुछ ने इसे प्रशासनिक व्यवस्था पर सवाल खड़े करने वाली घटना माना। वायरल वीडियो के चलते मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बना हुआ है। ससफिलहाल पुलिस विभाग की ओर से इस पूरे मामले पर आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन औचक निरीक्षण के बाद थाने की व्यवस्थाओं में सुधार की संभावना जताई जा रही है।