युवक कांग्रेस ने व्यापमं की अनियमिताओं की सीबीआई जांच कराने की मांग
- फोटो : अमर उजाला
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने व्यापमं के खिलाफ सोमवार को प्रदेश व्यापी अनोखा प्रदर्शन किया। भोपाल में कांग्रेस मुख्यालय पर युवक कांग्रेस ने गधे को च्यवनप्राश खिला कर व्यापमं की भर्ती और प्रवेश परीक्षा की गड़बड़ी की सीबीआई से जांच कराने की मांग की।
मध्य प्रदेश युवा कांग्रेस ने राष्ट्रीय अध्यक्ष वी.बी श्रीनिवास के निर्देश पर मप्र के प्रत्येक जिले में युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने व्यापमं घोटाले के विरोध एवं सीबीआई जांच की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने युवा कांग्रेस शहर के अध्यक्ष नरेंद्र यादव एवं ग्रामीण शहर अध्यक्ष रोहित राजौरिया के नेतृत्व में कार्यकर्ता एकत्रित हुए। उन्होंने व्यापमं की परीक्षाओं में अनियमिताओं को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की। साथ ही गधे को च्यवनप्राश खिला कर सीबीआई से जांच कराने की मांग की।
नरेंद्र यादव ने कहा कि व्यापमं द्वारा आयोजित परीक्षाओं में निरंतर अनियमिताएं उजागर हो रही है। मेधावी छात्र अपने भविष्य को लेकर चिंतित है। परन्तु भाजपा शासन के संरक्षण में शिक्षा माफियाओं द्वारा निरंतर परीक्षाओं में धांधली की जा रही है और प्रशासन मौन धारण किया हुआ है। आज मप्र के प्रत्येक जिले में युवा कांग्रेस ने जिला अध्यक्ष के नेतृत्व में भाजपा सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया गया। प्रदेश अध्यक्ष डॉ विक्रांत भूरिया को इंदौर में गिरफ्तार किया गया।