केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह 24 फरवरी को मध्यप्रदेश आ रहे हैं।
- फोटो : फाइल फोटो
केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह कल यानी 24 फरवरी को मध्यप्रदेश आ रहे हैं। सतना में आयोजित शबरी माता जन्म जयंती समारोह में शाह शिरकत करेंगे। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं।
बता दें कि अमित शाह सबसे पहले हवाई मार्ग से मैहर पहुंचकर मां शारदा के दर्शन और पूजा करेंगे। इसके बाद दोपहर 3 बजे सतना में आयोजित शबरी माता जन्म जयंती समारोह में शिरकत करेंगे। कोल जनजाति के लिए आयोजित इस समारोह में करीब सवा लाख आदिवासियों के जुटने का अनुमान है। शबरी माता जन्म जयंती समारोह के बाद अमित शाह ढाई सौ करोड़ की लागत से बने शासकीय मेडिकल कॉलेज का उद्घाटन करेंगे।
तीन स्तरीय कड़ी सुरक्षा
केंद्रीय अमित शाह के सुरक्षा और आयोजन के लिए चार हजार पुलिस जवानों को लगाया गया है। केंद्रीय गृहमंत्री तीन स्तरीय सुरक्षा घेरे में रहेंगे। कमान सीआरपीएफ के हाथों में होगी। दूसरे घेरे में एसएएफ और बाहरी घेरे में कड़ी सुरक्षा की जिम्मेदारी एमपी पुलिस के पास होगी। विशेष सशस्त्र बल की 20 कंपनी भी बुलाई गई हैं। इसके अलावा 6 डीआईजी, 14 अतिरिक्त आईपीएस ऑफिसर, 35 एडिशनल एसपी, 100 डीएसपी और 100 इंस्पेक्टरों को तैनात किया गया है। अमित शाह रात को सतना में ही ठहरेंगे।