उमरिया में नायब तहसीलदार के ड्राइवर पर हमले के आरोपी के घर पर चला बुलडोजर।
- फोटो : अमर उजाला
उमरिया जिले में नायब तहसीलदार के ड्राइवर पर हमला करने के चार में से एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उसके तीन साथियों की तलाश की जा रही है। इस बीच प्रशासन ने शनिवार को आरोपी के घर पर बुलडोजर चलाया और अवैध हिस्से को ढहा दिया। इसके बाद शाम को उसे जिलाबदर करने के आदेश भी आ गए।
बीते दिनों ग्राम पाली में आवास योजना का निरीक्षण एवं जन चौपाल कार्यक्रम में भाग लेने कलेक्टर का दौरा था। चंदिया के नायब तहसीलदार कौशल सिंह और उनका ड्राइवर ग्राम लोढ़ा में नेशनल हाईवे 43 पर सड़क किनारे खड़े थे। इस दौरान कौशल सिंह से झूमाझटकी एवं उनके ड्राइवर को बुरी तरह पीटने की वारदात हुई थी। चार बदमाशों ने इसके बाद एक दुकानदार से भी मारपीट की थी। पुलिस चारों की तलाश कर रही थी। उसे एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता मिली है। तीन अन्य की तलाश जारी है।
कलेक्टर धरणेन्द्र कुमार जैन ने बताया कि नायब तहसीलदार और उनके ड्राइवर पर हमला करने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मैंने एसडीएम को निर्देश दिए थे कि जांच कर सभी आरोपियों के अवैध कब्जे को ढहा दिया जाए। इसके बाद तहसीलदार चंदिया एवं उनके अमले ने आरोपी मुकेश लोनी के घर की जांच की। वहां अवैध कब्जा पाया गया। इस पर राजस्व एवं पुलिस ने आरोपी मुकेश लोनी के अतिक्रमण को ढहा दिया है।
मनीष लोनी को किया जिलाबदर
गिरफ्तारी के 24 घंटे के अंदर मनीष लोनी को जिलाबदर किए जाने की कार्यवाही की गई है। कलेक्टर एवं जिला दंडाधिकारी धरणेन्द्र कुमार जैन ने मनीष लोनी उर्फ करिया पिता लखन लोनी उम्र 24 वर्ष निवासी लोढ़ा को मध्यप्रदेश राज्य सुरक्षा अधिनियम की धारा के तहत जिला उमरिया सहित समीपस्थ राजस्व जिलों शहडोल, अनूपपुर, मैहर, जबलपुर, कटनी एवं डिंडौरी की चतुर्दिक राजस्व सीमाओं से एक वर्ष की अवधि के लिए निष्कासित किया है। अनावेदक आदेश दिनांक से 24 घंटे के अंदर जिलों की सीमा से बाहर जाकर अपने आचरण मे सुधार करें।