मैच के दौरान दोनों टीम के खिलाड़ी भिड़ गए।
- फोटो : सोशल मीडिया
भारत देश में क्रिकेट लगातार गली में भी खेला जाता है, जहां क्रिकेट की दीवानगी इस कदर है कि लोग आपस में मारपीट भी करने के लिए तैयार हो जाते हैं। एक मारपीट की घटना उमरिया से सामने आई है, जहां उसका कारण सिर्फ और सिर्फ क्रिकेट था।
आपको बता दें कि उमरिया में क्रिकेट मैदान में अंपायर के एक फैसले से असंतुष्ट खिलाड़ियों ने आपस में ही विवाद कर लिया था। जहां देखते ही देखते खिलाड़ी बल्ले व विकेट से एक-दूसरे पर हमला भी करने लगे। इस घटना में क़ई खिलाड़ी घायल हुए हैं। एक खिलाड़ी को गंभीर हेड इंजुरी होने की वजह से जबलपुर रेफर किया गया है।
बताया जा रहा है कि सिटी कोतवाली थाना अंतर्गत ग्राम रायपुर में क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया था। इस टूर्नामेंट में ग्राम रोहनिया व ग्राम रायपुर के बीच मैच चल रहा था। ठीक तभी एक बॉल पर अंपायर ने नो बॉल दे दिया। जहां इस फैसले को फील्डिंग कर रही टीम ने बिल्कुल भी नहीं माना। वहीं बैटिंग कर रही टीम ने इसे सही बताया। इसी मामले को लेकर दो टीमों में मैदान में ही जंग छिड़ गई और कुछ ही देर में खिलाड़ियों ने बल्ले और विकेट से एक दूसरे पर हमला कर दिया। इस घटना में आधे दर्जन के करीब खिलाड़ी घायल बताए जा रहे हैं। कोतवाली पुलिस ने दोनों ही टीमों के उपद्रवी खिलाड़ियों पर प्रकरण पंजीबद्ध कर मामले को विवेचना में लिया है।