उमरिया। जिले के चंदिया थाना क्षेत्र में सोमवार शाम दर्दनाक सड़क हादसे में दो युवकों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। बहरघटा के पास दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों बाइक चालकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी मच गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार शाम बहरघटा के पास दो मोटरसाइकिलें आमने-सामने से आ रही थीं। इसी दौरान दोनों के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों बाइक चालकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दोनों मोटरसाइकिलों पर सवार दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
पढे़ं; सात साल की मासूम से दुष्कर्म के बाद सिर कुचलकर हत्या, दोनों आरोपी हिरासत में
मृतकों की पहचान बहरघटा निवासी राकेश यादव और कटनी जिले के निवासी बारे लाल यादव के रूप में हुई है। बताया गया कि दोनों मोटरसाइकिलों पर कुल चार लोग सवार थे। हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों की निगरानी में दोनों का इलाज जारी है।
पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव
पुलिस ने दोनों मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए थे। मंगलवार को पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव अंतिम संस्कार के लिए परिजनों को सौंप दिए गए। हादसे की खबर से दोनों परिवारों में शोक छा गया। अचानक हुई इस घटना से परिजन गहरे सदमे में हैं।
हादसे के कारणों की जांच में जुटी पुलिस
चंदिया पुलिस ने दोनों मृतकों के मामले में मर्ग कायम कर लिया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच कर रही है। दोनों मोटरसाइकिलों की आमने-सामने टक्कर किन परिस्थितियों में हुई और दुर्घटना की वजह क्या रही, इसका पता लगाया जा रहा है।