दो बाघ शावकों की मौत के बाद मचा हड़कंप
- फोटो : अमर उजाला
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के पनपथा परिक्षेत्र के सेहरा बीट में क्षत-विक्षत अवस्था में बाघ शावक का शव मिला है। जिसकी जानकारी लगते ही टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए। प्रबंधन ने शावक की मौत आपसी संघर्ष में होना बताया है। वहीं प्रबंधन ने सोमवार को ही शव का पोस्टमार्टम करवा कर अंतिम संस्कार कर दिया है।
दोनों शावकों की उम्र एक वर्ष से कम
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में सोमवार को ही दूसरे शावक का शव खितौली परिक्षेत्र के गढ़पुरी गांव के पास मिलने की जानकारी प्रबंधन को लगी। जिसके बाद शावक और उसकी मां (बाघिन) की पहचान के लिए प्रबंधन जुटा हुआ है। वहीं इस शव का पोस्टमार्टम मंगलवार को होगा और उसके बाद शावक का अंतिम संस्कार होगा। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के उपसंचालक पीके वर्मा ने बताया कि 2 शावकों के शव मिले हैं। आपसी संघर्ष में शावकों की मौत हुई है। दोनों शावकों की उम्र एक वर्ष से कम है। जांच की जा रही है।