फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एमपी: विधवा आशा कार्यकर्ता के घर सुरंग खोदकर 12 लाख की चोरी, 2.06 लाख नकद और सोने-चांदी के जेवर ले गए चोर

Sat, 24 Oct 2026 11:12 AM IST
उमरिया ब्यूरो न्यूज डेस्क, अमर उजाला, उमरिया

सार

उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र के मझगवां गांव में चोरों ने विधवा आशा कार्यकर्ता कुसुमकली यादव के कच्चे मकान की दीवार के नीचे सुरंग खोदकर 2.06 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के जेवर चुरा लिए। संपत्ति की कीमत करीब 12 लाख रुपये है।

 

विज्ञापन
पाली पुलिस के सामने फिर चुनौती - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

उमरिया जिले के पाली थाना क्षेत्र में चोरी की वारदातें थमने का नाम नहीं ले रही हैं। संजय गांधी ताप विद्युत परियोजना की आवासीय कॉलोनी में पिछले महीने हुई लाखों रुपये की चोरी का अब तक खुलासा नहीं हो पाया है। इसी बीच पाली मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर दूर ग्राम मझगवां में चोरों ने एक विधवा आशा कार्यकर्ता के कच्चे मकान को निशाना बनाया। चोर दीवार के नीचे सुरंग खोदकर मकान में घुसे और करीब 12 लाख रुपये की नकदी व जेवरात चोरी कर ले गए। वारदात के तरीके ने ग्रामीण क्षेत्रों की सुरक्षा और पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

विज्ञापन


ताला बंद मिला, पीछे दीवार के नीचे खोदी थी सुरंग
जानकारी के अनुसार, ग्राम मझगवां निवासी कुसुमकली यादव ने पाली थाने में चोरी की शिकायत दर्ज कराई है। उन्होंने बताया कि 18 अक्टूबर की रात करीब 10:30 बजे वह अपने कच्चे मकान में ताला लगाकर दूसरे पक्के मकान में सोने चली गई थीं। अगले दिन सुबह करीब 5 बजे जब वह कच्चे मकान का दरवाजा खोलने पहुंचीं, तो ताला खुला होने के बावजूद दरवाजा नहीं खुल रहा था।

इसके बाद उन्होंने मकान के पीछे बाड़ी की तरफ जाकर देखा तो दीवार के नीचे एक बड़ी सुरंग दिखाई दी। मकान के अंदर पहुंचने पर कमरे का सामान बिखरा मिला। पेटियों में रखी नकदी और सोने-चांदी के आभूषण गायब थे। आशंका है कि चोरों ने दीवार के नीचे सुरंग खोदकर मकान में प्रवेश किया और वारदात को अंजाम दिया।

पढ़ें: छठे वेतनमान पर हाईकोर्ट सख्त, 497 शिक्षकों को लाभ नहीं मिला तो प्रमुख सचिव को होना पड़ेगा पेश

विज्ञापन


2.06 लाख रुपये नकद और 70 ग्राम सोने के जेवर चोरी
कुसुमकली यादव के मुताबिक, चोर दो पेटियों में रखे 2 लाख 6 हजार रुपये नकद ले गए। इसके अलावा सोने का मंगलसूत्र, हार, चेन, लॉकेट, अंगूठियां, चूड़ियां, कंगन और झुमके भी चोरी हुए हैं। सोने के इन आभूषणों का कुल वजन करीब 70 ग्राम बताया गया है। इसके साथ ही चोर चांदी की पायल, पाजेब, कड़े और बिछिया भी ले गए। इनका कुल वजन करीब 750 ग्राम बताया गया है। फरियादिया के अनुसार, चोरी गई नकदी और आभूषणों की कुल कीमत लगभग 12 लाख रुपये है।

पिछले महीने की चोरी का भी खुलासा नहीं
पाली थाना क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं ने लोगों की चिंता बढ़ा दी है। पिछले महीने संजय गांधी ताप विद्युत परियोजना की आवासीय कॉलोनी में हुई लाखों रुपये की चोरी का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। ऐसे में मझगवां में सुरंग खोदकर की गई इस वारदात ने पुलिस की कार्यप्रणाली और ग्रामीण इलाकों की सुरक्षा व्यवस्था पर फिर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय स्तर पर यह सवाल उठ रहा है कि जब आवासीय कॉलोनी में हुई चोरी का अब तक पता नहीं चल पाया है, तो दूरस्थ गांव में हुई इस बड़ी वारदात में पुलिस आरोपियों तक कब पहुंचेगी।
विज्ञापन


अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज
पाली पुलिस ने मामले में अपराध क्रमांक 503/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 305(ए) और 331(4) में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अब देखना होगा कि आरोपियों की पहचान कर चोरी गई संपत्ति बरामद करने में पुलिस को कब तक सफलता मिलती है।

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें