देवउठनी एकादशी और तुलसी विवाह के अवसर पर उमरिया जिले की सक्रिय युवा टीम उमरिया ने जरूरतमंद परिवारों के बीच खुशी का पैकेट वितरित कर एक अनूठी सेवा निभाई। इस पैकेट में नए गर्म कपड़े, लाई-बताशा, मिठाई, दीपक, बत्ती, तेल आदि शामिल थे, जो इन परिवारों के लिए त्योहार के दिन खास सौगात बने। यह सेवा पिछले चार वर्षों से जारी है और इस बार भी इन युवाओं के प्रयास से गरीबों के घरों में त्योहार का आनंद फैला। टीम का उद्देश्य है कि प्रमुख त्योहारों पर बस्तियों में रहने वाले लोगों के बीच खुशियां बांटी जा सकें।
टीम का नेतृत्व कर रहे हिमांशु तिवारी ने बताया कि हर वर्ष जन सहयोग से जरूरतमंदों को चिन्हित कर उन्हें उपहार स्वरूप खुशियों से भरे पैकेट भेंट किए जाते हैं। जैसे ही बुजुर्गों को ये पैकेट मिले, उनके चेहरे पर खुशी की चमक आ गई। इस मौके पर हिमांशु तिवारी के साथ खुशी सेन, मुस्कान महोबिया, फराना बानो, लक्ष्मी महोबिया, स्वाति कोल, सुरभि बैगा सहित कई युवा सदस्य मौजूद रहे।
उल्लेखनीय है कि युवा टीम उमरिया जिले में अपनी अलग पहचान बना चुकी है। यह टीम स्थानीय युवाओं द्वारा बनाई गई है, जो समाज में अनेक कल्याणकारी कार्यों को अंजाम देती है। टीम की सराहना न सिर्फ स्थानीय नागरिकों ने की है, बल्कि जिला कलेक्टर ने भी इन्हें कई बार प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया है।