उमरिया जिले में अवैध रेत उत्खनन का मामला लगातार सामने आ रहा है। रेत उत्खनन और परिवहन लगातार किया जा रहा है। इस पर कार्रवाई भी हो रही है, लेकिन ये कार्रवाई पुलिस कर रही है, जिसका यह विभाग है वह आंख बंद करके अभी भी बैठा हुआ है।
बता दें कि उत्खनन संबंधी विभाग को खनिज विभाग के अंतर्गत रखा गया है, लेकिन खनिज विभाग सिर्फ आंख बंद करके बैठा हुआ है। उसका काम दूसरे विभाग के लोग करते हुए दिखाई दे रहे हैं। एक बार फिर से पुलिस ने कार्रवाई की है और एक ट्रैक्टर को जब्त कर लिया है।
दरअसल पूरा मामला दो फरवरी का बताया जा रहा है। मुखबिर की सूचना के आधार पर अर्जुन पहाड़िया रोड भोला बैग के खेत के पास से अवैध रेत की चोरी लाल रंग के मस्से ट्रैक्टर के द्वारा की जा रही थी। उसके पीछे नीले रंग की ट्रॉली भी लगी हुई थी।
जानकारी लगते ही पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। वहां आरोपी सीताराम यादव पिता कोमल प्रसाद यादव निवासी ग्राम पहाड़िया चौकी घुंघटी थाना पाली के कब्जे से रेत से लदी ट्रैक्टर ट्रॉली को जब्त कर लिया है। अपराध क्रमांक 379 की आईपीसी की धारा 4/21 खान खनिज अधिनियम के तहत मामला भी पंजीबद्ध कर लिया है।
वहीं, इस कार्रवाई में थाना प्रभारी के निर्देशन में कार्रवाई की गई। चौकी प्रभारी घुघटी भूपेंद्र पंत प्रधान आरक्षक लखन पटेल का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।