मध्यप्रदेश के उमरिया के बाघों के लिए विश्व प्रसिद्ध बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से हाथियों के झुंड द्वारा बाघ को जंगल की ओर खदेड़ने का वीडियो सामने आया है। वैसे तो बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व से वन्य प्राणियों के रोमांचित कर देने वाले वीडियो सामने आते रहते हैं। लेकिन ऐसा वीडियो अभी तक सामने नहीं आया था, जिसमें हाथी बाघ को खदेड़ते दिखें।
वीडियो के मुताबिक, उमरिया और ताला मार्ग में भद्रशिला के पास बने तालाब में हाथियों का झुंड बच्चों के साथ पानी में मस्ती कर रहा था। इसी दौरान तालाब की मेड से बाघ जंगल की ओर जा रहा था। जब हाथियों के झुंड ने बाघ को देखा तो वे पानी से निकलकर बाघ की ओर दौड़े। इससे बाघ जंगल की ओर भाग गया।
बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के परिक्षेत्र अधिकारी रंजन सिंह परिहार ने बताया कि ऐसा बहुत कम ही देखने को मिलता है जब जंगली हाथी बाघ को दौड़ाएं। यह भद्रशिला के पास के तालाब का वीडियो है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के सूत्रों की मानें तो हाथियों के झुंड का बाघ को खदेड़ने का मामला बांधवगढ़ में पहले सामने नहीं आया, यह पहला वीडियो ही होगा।