घायल का अस्पताल में चल रहा इलाज।
- फोटो : अमर उजाला
उमरिया जिले में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ रहे हैं। अब उन्हें किसी का भय नहीं सता रहा है। बदमाश न केवल चोरी-लूटपाट कर रहे हैं, बल्कि लोगों के साथ मारपीट भी कर रहे हैं। जिले में ऐसा ही एक मामला सामने आया है, जहां बदमाशों ने लूटपाट करने के बाद घर के मुखिया को लाठियों से बुरी तरह पीटा और फिर फरार हो गए।
जानकारी के अनुसार घटना उमरिया जिले के मानपुर थाना अंतर्गत ग्राम बिजौरी में बीती रात हुई। अज्ञात चोरों ने मौहार टोला के समीप स्थित पानी टंकी के पास रहने वाले मायाराम यादव के घर में शनिवार रात करीब एक बजे धावा बोला। बदमाशों ने घर में सो रही महिला के गले से सोने का हार काटकर निकाल लिया और घर में मौजूद नकदी व अन्य जेवरात भी चोरी कर लिए।
इसी दौरान घर के मालिक की नींद खुल गई और उसने चोरों को देखकर आवाज लगाई। बेखौफ चोरों ने भागने की बजाय मकान मालिक को लाठियों से पीटकर घायल कर दिया। पीड़ित को सुबह सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मानपुर में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। मानपुर थाने की पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मुकदमा दर्ज कर चोरों की तलाश शुरू कर दी है।