उमरिया कोतवाली पुलिस को सोमवार देर रात भारी तादात में अवैध मादक पदार्थ (गांजा) तस्करी के दौरान जब्त करने में कामयाबी मिली है। इस पूरे मामले की विस्तृत जानकारी देते हुए एसपी निवेदिता नायडू ने प्रेस वार्ता कर जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि इस मामले से जुड़े सभी पांचों आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। उन्होंने इस प्रभावी कार्रवाई के लिए थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा सहित कोतवाली पुलिस को बधाई दी है। उन्होंने बताया कि पुलिस रेड में आरोपियों समेत गांजे की बड़ी खेप एवं अवैध परिवहन में शामिल कार को भी जब्त कर लिया गया है। इस मौके पर एडिशनल एसपी पीएस महोबिया, एसडीओपी नागेंद्र प्रताप सिंह, थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा सहित पुलिस अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे। प्रेस वार्ता में एसपी निवेदिता नायडू ने बताया कि इस कार्रवाई में कोतवाली थाना प्रभारी बालेन्द्र शर्मा सहित स्टाफ बृज किशोर गर्ग, सुभाष यादव, दिलीप गुप्ता, विनोद प्रजापति, ओमकार सिंह, आदर्श, राजकुमार, चन्दन पाटीदार, दुर्गेश ककोडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।
यूपी पासिंग थी कार
गांजे की अवैध तस्करी में आरोपियों ने यूपी पासिंग की स्विफ्ट कार यूपी-79 एम-7629 इस्तेमाल की है। इसी कार में आरोपी उत्तम सिंह उम्र 54 वर्ष निवासी मझगवां सबसे आगे की सीट पर बैठा था। बाकी तीन आरोपी अनुपम शर्मा उम्र 34 वर्ष निवासी करौंदी खुर्द जिला कटनी, जितेंद्र कुमार तिवारी उम्र 30 वर्ष निवासी संत नगर जिला सतना, अनिल कुमार सिंह उम्र 23 वर्ष निवासी करसरा जिला सतना पीछे बैठे थे। इस कार का चालन पंकज पटेल उम्र 30 वर्ष निवासी नवगवा मानपुर कर रहा था।
बताया जाता है कि मुखबिर की जानकारी पर अमहा फाटक के पास रविवार-सोमवार की दरमियानी रात कोतवाली पुलिस ने घेराबंदी की। कुछ देर में ही मुखबिर के बताए अनुसार मौके पर जैसे ही स्विफ्ट कार पहुंची, पुलिस एक्टिव हुई और हिरासत में लेने का प्रयास की। आरोपियों को पुलिस की तत्परता पर शक हुआ और पकड़े जाने के डर से ड्राइवर कार को तेज भगाने का प्रयास किया। परंतु आगे स्पीड ब्रेकर था, जिस वजह से सभी आरोपी पकड़े गए। बाद में पुलिस को डिक्की में रखी दो काली बोरी दिखी, जिसे खंगालने पर करीब 50 किलो शहडोल की ओर तस्करी के लिए जा रहा गांजा जब्त किया गया है।
मामले में कोतवाली पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रम 413/24 धारा 8/20 बी एनडीपीएस के तहत प्रकरण कायम कर आरोपियों को सम्मानीय न्यायालय में पेश किया है। कुल मिलाकर पुलिसिया रेड में करीब 12 लाख की मशरूका जब्त किया गया है। मामले में अभी ये साफ नहीं हो सका है कि गांजे की तस्करी में शामिल आरोपी कहां से माल उठाए थे और कहां शिफ्ट करने जा रहे थे। हालांकि, अनुमान है कि पुलिस इन्वेस्टिगेशन में जल्द मामले से जुड़े सभी तथ्य सामने आएंगे।