उमरिया जिले में पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय भारत सरकार के तत्वावधान में नेहरू युवा केंद्र उमरिया (माय भारत) के पर्यावरण मित्रों के द्वारा एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत अधिक से अधिक लोगों को इस अभियान में सहभागिता निभाने के उद्देश्य से पोस्टर्स के माध्यम से लोगों को जागरुक करने का अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में उमरिया कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन को पर्यावरण मित्रों की टोली ने कलेक्टर कार्यालय परिसर में पोस्टर भेंट किया।
कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन ने पर्यावरण वॉलिंटियर्स की सराहना करते हुए कहा कि पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण में सभी को अपनी सहभागिता निभानी चाहिए। हम सभी का फर्ज बनता है कि पृथ्वी को खूबसूरत और हरा भरा बनाए रखने के लिए कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। साथ ही उन्होंने जिले वासियों से अधिक से अधिक पौधे लगाने की अपील की। सभी के लिए पौधारोपण करना और उसे बचाना बेहद जरूरी है।
पर्यावरण मित्र हिमांशु तिवारी ने कहा कि पर्यावरण को स्वस्थ और सुंदर बनाए रखने के लिए सभी का सामूहिक प्रयास आवश्यक है। महीने में कम से कम एक पौधा जरूर लगाएं। शुभ अवसरों पर भी पौधरोपण जरूर करें और उसके संरक्षण का कार्य भी करें। पेड़-पौधों का भी अपना परिवार है। इनकी रक्षा करना हमारा दायित्व है। इस दौरान पर्यावरण मित्र हिमांशु तिवारी, पर्यावरण मित्र खुशी सेन, वर्षा बर्मन, खुशबू बर्मन एवं सभी उपस्थित रहे।