नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास
- फोटो : अमर उजाला
उमरिया में नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास से 14 नवंबर को चार छात्र, जिसमें सूर्या पिता स्वर्गीय राजेन्द्र सिंह, करण पिता स्वर्गीय अशोक प्रजापति, भूपत पिता मान सिंह तथा आदित्य पिता बब्लू बैगा के गायब होने और 24 घंटे में पुलिस द्वारा बच्चों को दस्तयाब करने की खबर को 15 नवंबर को प्रमुखता से प्रकाशित किया गया था।
इसके बाद कलेक्टर धरणेंद्र कुमार जैन ने मप्र सिविल सेवा नियत के तहत गिरवेश मिश्रा प्राथमिक शिक्षक शासकीय प्राथमिक शाला महुरा और सहायक वार्डन नेताजी सुभाष चंद्र बोस बालक छात्रावास लालपुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में इनका मुख्यालय विकास खंड शिक्षा अधिकारी करकेली नियत किया गया है। निलंबन अवधि में इन्हें जीवन निर्वाह भत्ता देय होगा।
बालक छात्रावास की व्यवस्थाओं के संबंध में अपेक्षानुसार कार्य नहीं किए जाने से यह प्रतिकूल परिस्थितियां लक्षित हुई हैं। अति संवेदनशील परिस्थिति में भी गिरवेश मिश्रा द्वारा वरिष्ठ अधिकारियों को घटना के संबंध में देर से सूचित किया गया। छात्रावास संचालन और नियंत्रण में सम्यक निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के कारण गिरवेश मिश्रा का उक्त कृत्य पदीय कर्तव्यों के प्रति घोर लापरवाही, स्वेच्छाचारिता और अनुशासनहीनता का परिचायक है। जो मप्र सिविल सेवा आचरण नियम के तहत कदाचरण की श्रेणी में आता है।