बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अंतर्गत वन परिक्षेत्र मानपुर (बफर) के बंसटिकुरी टोला क्षेत्र में वन्यजीव शिकार का एक बड़ा मामला सामने आया है। बंसटिकुरी टोला में खेत के भीतर एक जंगली सूअर का शिकार किया गया है। सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मौके पर पहुंचकर जांच की। जांच के दौरान पाया गया कि एक जंगली सूअर को तेजधार हथियार से मार दिया गया था।
वन अधिकारियों ने तत्काल रूप से इस घटना को गंभीरता से लेते हुए गश्ती दल को सक्रिय कर दिया और घटना की जांच शुरू की गई। जांच के क्रम में ग्राम टिकोरीटोला के छह व्यक्तियों को इस मामले में आरोपी पाया गया। पकड़े गए आरोपियों में शामिल हैं भोलू कोल पिता रिंजुल कोल 40 वर्ष, समकुल कोल पिता स्वर्गीय छोटेलाल कोल 34 वर्ष, श्यामलाल कोल पिता वीरेन्द्र कोल 32 वर्ष, सिंगलाल कोल पिता छोटेलाल कोल 30 वर्ष, मंगलबीलास कोल पिता गोविंद कोल 50 वर्ष, एवं सुनील कोल पिता रिंजुल कोल 30 वर्ष। ये सभी आरोपी ग्राम टिकोरीटोला के निवासी हैं।
ये भी पढ़ें-
दलित से सामूहिक दुष्कर्म: प्रेमी को मारकर छीन ले गए प्रेमिका, जंगल में युवती चीखती रही; दरिंदे लूटते रहे अस्मत
इन सभी आरोपियों ने पूछताछ के दौरान स्वीकार किया कि उन्होंने मिलकर उक्त जंगली सूअर का शिकार किया और अपने-अपने हिस्से में मांस को विभाजित कर लिया। यह कृत्य वन्यजीव (संरक्षण) अधिनियम 1972 के अंतर्गत संज्ञेय अपराध की श्रेणी में आता है। आरोपियों पर अधिनियम की धारा 09, 39, 51 के अंतर्गत मामला दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें-
MP में 2020 से 'लव जिहाद' के 283 केस, इस साल 6 महीनों में 3,742 महिलाएं बनीं दुष्कर्म की शिकार"
वन विभाग ने सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके स्वास्थ्य परीक्षण के बाद माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया गया, जहां से उन्हें 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। इस कार्रवाई में मानपुर वन परिक्षेत्र की टीम की सतर्कता और तत्परता सराहनीय रही। इस पूरे अभियान में वन परिक्षेत्र अधिकारी, डिप्टी रेंजर, वन रक्षक एवं अन्य स्टाफ की भूमिका महत्वपूर्ण रही। विभाग ने एक बार फिर यह सिद्ध कर दिया कि वन्यजीव संरक्षण के प्रति किसी भी प्रकार की लापरवाही या अपराध को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।