उमरिया जिले के इंदवार थानांतर्गत अमरपुर चौकी क्षेत्र में अनियंत्रित बोलेरो निर्माणाधीन मकान से टकराकर पलट गई, जिसमें तीन लोगों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, हादसे में गंभीर रूप से घायल चार लोगों को इलाज के लिए कटनी अस्पताल लाया गया तो वहीं नजदीकी हॉस्पिटल कटनी जिले का बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र रहा, जहां तीनों मृतकों का पीएम करवाया गया है।
जानकारी के बाद अमरपुर पुलिस चौकी अंतर्गत हरतला पुलिया में तड़के सुबह अनियंत्रित बोलेरो गाड़ी पोल से टकराकर पलट गई। गाड़ी में सवार सात लोगों में से तीन लोगों ने मौके पर ही अपना दम तोड़ दिया तो अन्य चार लोगों को इलाज के लिए कटनी जिले के हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया है।
मामले की जानकारी देते हुए कटनी एएसपी संतोष डेहरिया ने बताया कि उमरिया में हुई सड़क दुर्घटना में तीन की मौत तो चार लोग गंभीर रूप से घायल हुए। घटना स्थल से पास का अस्पताल बरही सामुदायिक स्वास्थ्य रहा, जहां अमरपुर पुलिस ने शव को लेकर पोस्टमॉर्टम की कार्रवाई शुरू करवाई। वहीं, कटनी पुलिस ने चार घायलों से घटना के विषय में पूछताछ शुरू कराई गई है। घटना शुक्रवार की रात को अमरपुर चौकी के हरतला पुलिया से बोलेरो क्रमांक एमपी 21 सीबी 1709 से हुई। जहां गाड़ी अनियंत्रित होकर निर्माणाधीन मकान में टकरा गई।
टक्कर में परमलाल पिता सुमेर सिंह 38 वर्ष निवासी भिंड ,मनोज कुमार पिता मुंशी सिंह उम्र 28 वर्ष निवासी दौलतपुर ,लोकेन्द्र सिंह पिता नवाब सिंह 35 वर्ष निवासी भिंड की मौत हो गई। वहीं, घायल हुए चार लोगों को प्राथमिक उपचार के बरही सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से कटनी जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस के मुताबिक, बोलेरो में रेत ठेका कंपनी की फ्लाइंग टीम के सदस्य मौजूद थे। फिलहाल पुलिस हादसे की मुख्य वजह जानने में जुटी हुई है।