कलेक्टर की जनसुनवाई में विरोध प्रदर्शन करने का नायाब तरीका देखने को मिला है। पीड़ित ग्रामीण जब आवेदन देते-देते थक हार गए तो उन्होंने यह तरीका अपनाया। इस विरोध प्रदर्शन में ग्रामीण पुरुष और महिलाओं के साथ-साथ स्कूली बच्चे भी शामिल हुए।
मामला भूमाफियाओं से जुड़ा हुआ है, जिन्होंने बेखौफ होकर खेतीहर भूमि पर बुलडोजर चलवा दिया और जमीन हड़प ली। इसके विरोध में बुधवार को कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे ग्रामीणों ने पोस्टर के जरिए लिखा कि जमीन ले ली है, अब घर भी ले लो। इसके पहले भी शिकायती पत्र दिया जा चुका है। मगर जिला प्रशासन के कानों में जूं तक नहीं रेंगी, भूमाफियाओं से आदिवासी वर्ग परेशान है।
बता दें कि मामला उमरिया जिला मुख्यालय के ग्राम भरौला का है। यहां भूमाफियाओं ने बीते दिनों किसानों की भूमि पर बुलडोजर चलाते हुए उसे अपना बताने लगे। इसके विरोध में लोगों ने बोला, लेकिन गरीब किसानों की किसी ने न सुनी। उसके बाद अपनी फरियाद लेकर ग्रामीणजन और महिलाएं, स्कूली बच्चे कलेक्ट्रेट कार्यालय जनसुनवाई में पहुंचे। यहां उन्होंने जमकर विरोध किया।
इस दौरान पोस्टर में लिखे गए शब्दों का अंदाज भी अलग रहा, जिसमें कहा गया है कि जमीन तो ले ली अब घर भी ले लो, हम और हमारे बच्चे कलेक्ट्रेट पर रहेंगे, यही हमारा घर है। वहीं, इस मामले में राजस्व विभाग के आरआई पटवारी की बड़ी लापरवाही भी देखने को मिली है। मामले में आवेदन भी दिया गया, जिस पर सुनवाई कब तक हो पाती है यह तो वक्त ही बताएगा। मगर जिले भर में भूमाफियाओं का तांडव दिन दुगनी और रात चौगुनी तरक्की कर रहा है।