उमरिया में बाघ से लड़ाई में तेंदुए की मौत हो गई।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के उमरिया में तेंदुए का शव मिला है। आशंका जताई जा रही है कि बाघ से संघर्ष के दौरान तेंदुए की मौत हुई है। दरअसल यह पूरा मामला बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व का है। बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच में जुट गए।
बताया जा रहा है कि 28 अप्रैल को बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के बखान बीट के जोगीमढी पहाड़ी के आरएफ 312 में गश्त के दौरान दल को संदिग्ध परिस्थिति में तेंदुआ का शव पड़ा हुआ मिला था। जहां जानकारी लगते ही बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व के अधिकारी मौके पर पहुंचे और डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया। वहीं पूरे क्षेत्र की सर्चिंग कराई गई। मेंटल डिटेक्टर से भी सर्च किया गया।
दरअसल तेंदुआ के गले में और शरीर में बाघ के दांत के निशान और नाखून के निशान मिले हैं। जहां घटनास्थल पर बाघ ने तेंदुआ को घसीटा भी है, उनके भी निशान मिले हैं। वहीं यह अंदाजा लगाया जा रहा है कि बाघ और तेंदुआ के आपसी संघर्ष में ही तेंदुआ की मौत हुई है। प्रबंधन जांच में जुटा हुआ है। तेंदुआ के शव का पीएम करवाकर अंतिम संस्कार किया गया है।