उज्जैन में कचरा कलेक्शन वाहन थम गए हैं।
- फोटो : सोशल मीडिया
मध्यप्रदेश के उज्जैन में इन दिनों घर-घर से कचरा कलेक्शन की व्यवस्था गड़बड़ाई हुई है। इसकी वजह है कि कचरा गाड़ियां नहीं चल रहीं। कचरा गाड़ियों को आरटीओ अनफिट करार दिया है। इससे शहर की सफाई व्यवस्था प्रभावित हुई है और कचरे के ढेर दिख रहे हैं।
जानकारी के अनुसार उज्जैन के 54 वार्डों में घर-घर कचरा कलेक्शन के लिए नगर निगम के पास करीब 80 गाड़ियां हैं, जो 200 से अधिक कॉलानियों और मोहल्लों में घर-घर कचरा कलेक्शन में लगी हुई थीं। दो दिनों से ये वाहन घरों तक नहीं आ रहे हैं, इससे लोग परेशान हैं। कचरा यहां-वहां नजर आने लगा है।
65 वाहन सड़कों पर चलने लायक नहीं
आरटीओ संतोष मालवीय ने बताया कि कुछ दिन पहले नगर निगम के कचरा कलेक्शन वाहनों की विभाग द्वारा जांच की गई थी और 10 में से 8 गाड़ियां अनफिट पाई गई थीं। ऐसे वाहनों में नगर निगम को सुधार कराने का कहा गया था। इधर नगर निगम के लगभग 80 कचरा कलेक्शन वाहनों में से 65 वाहन आरटीओ के नजरिए से सड़कों पर चलने लायक नहीं रह गए हैं।
काम प्रभावित
नगर निगम ने वाहनों में सुधार शुरू कराया है और पूरे शहर में पिछले एक सप्ताह से आधे वाहन खड़े कर दिए हैं। इस वजह से आगर रोड, एमआर-5, मक्सी रोड और इंदौर रोड की अधिकांश कॉलोनियों में पिछले एक सप्ताह से कचरा कलेक्शन की गाड़ियां आना बंद हो गई हैं और लोग परेशान हो रहे हैं। आरटीओ की जांच के पहले भी नगर निगम के एक कचरा कलेक्शन वाहन को तीन शिफ्टों में अलग-अलग क्षेत्रों में चलाया जा रहा था। उज्जैन में करीब 50 से अधिक वाहन कचरा उठाने के काम में लगे हैं लेकिन आरटीओ में जो जांच हुई इसके बाद से काम प्रभावित हो गया।