उज्जैन में दुकान का अनुबंध पूरा होने के पहले ही इसे खाली करने के लिए दुकान मालिक एक महिला पर लगातार दबाव बना रहे थे, जिसके लिए उन्होंने महिला को कई बार धमकाकर अपनी बात मनवाने की कोशिश की। लेकिन जब वह नहीं मानी तो दुकान में घुसकर उसके साथ मारपीट कर डाली। पूरे मामले का खुलासा उस समय हुआ, जब इस घटना का सीसीटीवी फुटेज वायरल हुआ और पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर लिया।
हरीफाटक के पास कोट मोहल्ला चौराहे पर इंडियन गेस्ट हॉउस के नाम से होटल संचालित करने वाले रियाज और बेटे अकरम ने महिला अमरीन को तीन वर्ष पहले लाइफ केयर पैथोलॉजी संचालित करने के लिए अपनी दुकान किराए पर देकर अनुबंध किया था। अनुबंध 24 जून 2024 को खत्म होगा, इससे पहले ही रियाज और अकरम महिला से अपनी दुकान खाली करवाना चाहते हैं। जबकि महिला कई बार दोनों से कह चुकी है कि अनुबंध खत्म होने से पहले दुकान खाली कर देगी।
दुकान खाली कराने को लेकर घटना का एक वीडियो वायरल हुआ है, जिसमें रियाज उसकी पत्नी बेटा और बहु अमरीन के साथ मारपीट कर रहे हैं। मारपीट के कारण महिला घायल हो गई, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सीएसपी ओपी मिश्रा ने बताया कि मामले में पांच आरोपियों के खिलाफ धार-323, 294, 506 में मामला दर्ज कर सभी को गिरफ्तार कर लिया गया है।
वायरल वीडियो में दिखाई दी यह सच्चाई
घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें अमरीन अपने पैथॉलजी में बैठकर फोन पर किसी से बात कर रही है। इस दौरान एक के बाद एक दो लोग आकर महिला पर टूट पड़ते हैं। महिला के साथ जमकर हो रही मारपीट में महिला भी दोनों पिता-पुत्र से भीड़ जाती है। इस दौरान रियाज की पत्नी और बहु भी आ जाती हैं और सभी मिलकर महिला के साथ मारपीट करते हैं।