उज्जैन में सड़क चौड़ीकरण की जद में आई शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई दूसरे दिन भी जारी रही। करीब 2000 पुलिसकर्मी तैनात हैं और ड्रोन से निगरानी हो रही है। AIMIM प्रदेश अध्यक्ष का वीडियो वायरल है।
सड़क चौड़ीकरण की जद में आ रही ऐतिहासिक शाही मस्जिद के प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई मंगलवार को दूसरे दिन भी जारी रही। मस्जिद कमेटी के नुमाइंदे स्वेच्छा से प्रभावित हिस्से को हटाने की कार्रवाई कर रहे हैं। व्यवस्थाओं और सुरक्षा मानकों की समीक्षा के लिए एडीजी उपेंद्र जैन ने छत्री चौक सहित प्रभावित स्थलों का दौरा कर निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान प्रशासनिक टीम के साथ भारी पुलिस बल तैनात रहा। सोमवार रात को ही मस्जिद के नीचे बनी दुकानों को खाली करा लिया गया था। मंगलवार सुबह मस्जिद के ऊपरी हिस्से को सुरक्षित तरीके से हटाने के लिए बाहर मचान तैयार किया गया। इसके बाद प्रभावित हिस्से को हटाने का काम शुरू किया गया। क्षेत्र में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए करीब 2000 पुलिसकर्मियों का बल तैनात किया गया है। ड्रोन कैमरों के माध्यम से भी क्षेत्र की लगातार निगरानी की जा रही है।
गलत कंटेंट फैलाने वालों पर सख्त कानूनी कार्रवाई होगी: कलेक्टर
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह ने कहा कि प्रशासन का मुख्य उद्देश्य शांति और कानून व्यवस्था बनाए रखना है। इसमें सभी धर्मों और समुदायों का पूर्ण सहयोग मिल रहा है। उन्होंने कहा कि मस्जिद कमेटी स्वेच्छा से प्रभावित हिस्से को हटा रही है। कलेक्टर ने सोशल मीडिया पर चल रही एआई-जनरेटेड (AI) और फर्जी फोटो-वीडियो से सतर्क रहने की अपील की। उन्होंने कहा कि किसी भी सामग्री पर विश्वास करने से पहले उसकी तथ्यात्मक पुष्टि जरूर करें। सोशल मीडिया पर प्रशासन की पैनी नजर है और गलत कंटेंट फैलाने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
कार्रवाई सुचारू रूप से चल रही है: एडिशनल एसपी
AIMIM प्रदेश अध्यक्ष का वीडियो वायरल
वायरल वीडियो उज्जैन के नागझरी थाने के बाहर का बताया जा रहा है। वीडियो में मोहसिन अली खान पुलिस और प्रशासन की कार्रवाई से नाराज होकर समर्थकों को संबोधित करते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में वे कहते सुनाई दे रहे हैं, "आपको यह चेतावनी देकर जा रहा हूं, जल्द मुकाबला होगा और सबका हिसाब होगा।"
उन्होंने दावा किया कि पुलिस थानों में उनके निर्दोष नौजवान बंद हैं और वे उनके हक की लड़ाई लड़ रहे हैं। उन्होंने कहा कि जब तक एक-एक नौजवान बाहर नहीं आ जाता, उनका संघर्ष जारी रहेगा। मोहसिन अली खान ने मस्जिदों की सुरक्षा का मुद्दा उठाते हुए भोपाल, इंदौर, देवास और उज्जैन समेत अन्य जिलों के मुसलमानों को एक साथ नहीं बुलाए जाने और मस्जिद की हिफाजत के लिए अपील नहीं करने पर भी सवाल उठाए।