उज्जैन में शुक्रवार सुबह सरस्वती नगर गली नंबर दो का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसमें तीन लोग पल्सर गाड़ी पर पेट्रोल छिड़कर उसे आग लगाते हुए दिखाई दिए। गाड़ी जलने से घर में सो रहे लोग उठे और इन लोगों को पकड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन तब तक यह सभी आरोपी भाग चुके थे।
पन्नी, ढाई और बच्चा पर पल्सर जलाने के आरोप के बारे में आप सोच रहे होंगे कि आखिर यह किन छोटे-छोटे बच्चों के नाम हैं। लेकिन गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात तीन बजे ढांचा भवन के पास सरस्वती नगर गली नंबर दो में तीन लोगों ने एक पल्सर 150 गाड़ी में आग लगा दी थी। गाड़ी के मालिक रजनीश भारती ने बताया कि उसका सोहेल पन्नी निवासी आगर नाका, अमन ढाई निवासी ढांचा भवन और राज बच्चा निवासी ढांचा भवन से पिछले छह महीने से पुराना विवाद चल रहा है। इन्हीं लोगों ने इस विवाद का बदला लेने के लिए पल्सर गाड़ी जलाने जैसी हरकत की है।
रजनीश ने बताया कि गाड़ी जलाने के कारण निकली आग से उनका परिवार रात को ही जाग गया था और उन्होंने इन आरोपियों को पकड़ने का प्रयास भी किया। लेकिन तब तक यह लोग भाग गए। यह तो गनीमत रही कि हम समय पर जाग गए। वरना पल्सर के साथ ही यहां पास में खड़ी ई-रिक्शा और मकान में भी आग लग सकती थी। इस मामले में रजनीश ने थाना चिमनगंज पहुंचकर आरोपी के खिलाफ प्रकरण दर्ज करवाने के साथ ही घटना के सीसीटीवी फुटेज भी पुलिस को उपलब्ध करवाए हैं।