उज्जैन में युवक को खंभे से बांधकर पीटा गया।
- फोटो : सोशल मीडिया
उज्जैन की माधव नगर थाना इलाके के लक्ष्मी नगर चौराहे पर एक युवक को खंभे से बांधकर पीटने का मामला सामने आया है। दो लोगों ने युवक को एक खंभे से रस्सी से बांध रखा था जबकि एक युवक बिना रुके लगातार रस्सी से बंधे युवक को लात-घुसों से पीटे जा रहा था। पुलिस ने तुरंत रस्सी से बंधे युवक को छुड़वाया और उसे लेकर थाने आ गई।
पूरा मामला कुछ इस प्रकार है कि सोमवार दोपहर को लक्ष्मी नगर चौराहे पर कुछ युवक एक युवक को तालिबानी सजा दे रहे थे। जिन्हें शंका थी कि यह युवक क्षेत्र में चोरी की वारदात को अंजाम देता है और नशे का आदी भी है, जिसके कारण ही उन्होंने इसे खंभे से बांधकर पीटा है। क्षेत्र लोगों द्वारा की गई मारपीट के बाद पुलिस इस मामले को शांत करने के लिए युवक को अपने साथ थाने तो ले गई, लेकिन बताया जाता है कि इस मामले में पुलिस ने अभी किसी के खिलाफ भी कोई प्रकरण दर्ज नहीं किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था वीडियो
बताया जाता है कि इस बात की सूचना थाना माधवनगर तक पहुंची थी, लेकिन इसके पहले युवक के साथ इस प्रकार मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर भी वायरल हुआ था। इसमें युवक को खंभे से बांधकर कुछ युवक उसके हाथ रस्सी से बांधकर बैठे थे, जबकि एक अन्य युवक उसके मुंह पर मुक्के से प्रहार कर रहा था। इसके बाद युवक उसके साथ मारपीट करता नजर आ रहा है।
मार खा रहा युवक अपने आपको छोड़ने की गुहार वीडियो में लगाता नजर आ रहा है और साथ ही अपना मोबाइल मांग रहा है। बताया जा रहा है कि चोरी की शंका पर युवक के साथ मारपीट की घटना को अंजाम दिया गया। पूरी घटना में विशेष बात यह रही के इस मारपीट के दौरान सैकड़ो लोग यहां उपस्थित थे लेकिन किसी ने भी इन लोगों को रोकने की कोशिश नहीं की और सभी तमाशबीन बने रहे।
पूरा मामला जांच में जल्द होगी कार्रवाई - एसपी
एसपी प्रदीप शर्मा का कहना था कि आज घटना के समय लड़का शराब के नशे में था। आपने बताया कि ऐसा लोगों का कहना है कि उसने दुकान के गले में हाथ डालकर रुपये निकालने का प्रयास किया था, जिस पर लोगों ने उसे पकड़कर मारपीट की है। एसपी शर्मा ने कहा कि लड़का अभी शराब के नशे में बुरी तरह धुत्त है इसीलिए उसकी मां को बुलाया गया है। बाद में उसके बयान लिए जाएंगे और जिन लोगों ने उसके साथ मारपीट की है उनके खिलाफ प्रकरण दर्ज किया जाएगा। साथ ही आपने यह भी कहा कि घटनास्थल के वीडियो फुटेज खंगाल जा रहे हैं यदि नशे में धुत्त युवक ने भी दुकान के गले में हाथ डालकर रुपए निकालने की कोशिश की होगी या अन्य कोई चोरी करने का प्रयास किया गया होगा तो उसके खिलाफ भी प्रकरण दर्ज होगा।