उज्जैन में कक्षा 10वीं की पढ़ाई कर रहे छात्र ने फांसी लगाकर जान दे दी। देर शाम मां घर लौटी तो दरवाजा बंद था। दरवाजा नहीं खुलने पर आसपास के लोगों की मदद से तोड़ा गया। पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर पोस्टमार्टम कराया है।
नागझिरी थाना पुलिस ने बताया कि देर शाम डिवाइन सिटी में रहने वाले प्रियांशु पिता राजेंद्र यादव (16) द्वारा फांसी लगाने की सूचना मिली थी। पुलिस मौके पर पहुंची। मां और आसपास के लोगों ने शव फंदे से उतार लिया था। जांच में सामने आया कि प्रियांशु उज्जैन पब्लिक स्कूल में कक्षा 10वीं का छात्र था और अपनी मां के साथ रहता था। उसके पिता कुछ साल पहले मां को तलाक दे चुके हैं। मां एमआर है, जो घटना के समय अपने काम पर गई हुई थी, लौटने पर दरवाजा बंद मिला था।
एएसआई धर्मेन्द्र सिंह तोमर ने बताया कि मामले में मर्ग कायम किया गया है। घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है, ना ही फांसी लगाने का कारण सामने आया है। छात्र का मोबाइल जांच के लिए जब्त किया गया है। बताया जा रहा है कि छात्र प्रियांशु मोबाइल पर रील बनाने का काम करता था, उसके 14 हजार से ज्यादा फॉलोअर भी है। जांच और परिजनों के बयान के बाद ही आत्महत्या की वजह सामने आ पाएगी।