उज्जैन में महिला 15 दिन की बच्ची को ट्रेन में छोड़कर फरार हो गई।
- फोटो : अमर उजाला
उज्जैन में रविवार रात नर्मदा एक्सप्रेस में 15 दिन की बालिका को छोड़ने वाली निर्दयी मां इंदौर में बाइक पर युवक के साथ दिखाई दी है। जीआरपी ने बाइक नम्बर ट्रेस कर लिया है। इसके आधार पर महिला की तलाश की जा रही है। महिला इंदौर से भी ट्रेन में सवार होकर उज्जैन आई थी। जीआरपी पूरे मामले का जल्द खुलासा करेगी।
रविवार रात ट्रेन क्रमांक 18233 नर्मदा एक्सप्रेस में सवार यात्रियों ने रेलवे हेल्पलाइन नम्बर 182 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई कि कोच एस/8 की बर्थ नंबर 56 पर एक नवजात बालिका को उसकी मां छोड़कर लापता हो गई है। ट्रेन के भोपाल पहुंचते ही जीआरपी एसआई श्वेता सोमकुंवर टीम के साथ कोच में पहुंची। इस दौरान सामने आया था कि महिला उज्जैन से ट्रेन में सवार हुई थी। टॉयलेट जाने का कहकर उतर गई थी। मामला उज्जैन स्टेशन से जुड़ा होने पर जीरो पर अपराध कायम कर सोमवार को उज्जैन जीआरपी को स्थानांतरित किया है। यहां धारा 317 का अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई।
प्लेटफॉर्म नंबर छह पर लगे कैमरे देखे गए। इसमें मासूम के साथ निर्दयी मां प्लेटफार्म पर घूमती और ट्रेन में चढ़ने के बाद मासूम को छोड़कर वापस उतरती दिखाई दी। महिला के दिखाई देने पर आगे जांच करने पर सामने आया कि स्टेशन से बाहर निकलने के बाद वह आटो में बैठकर नानाखेड़ा बस स्टैंड पहुंची थी, जहां से बस में सवार होकर इंदौर पहुंची। जीआरपी टीम इंदौर पहुंची, जहां सीसीटीवी कैमरे देखे गए। महिला बस से उतरने के बाद एक युवक के साथ बाइक पर जाती नजर आई है। जीआरपी ने बाइक नम्बर ट्रेस कर लिया है। इंदौर रेलवे स्टेशन के कैमरे भी देखे गए। महिला और मासूम को बाइक सवार युवक छोड़ता हुआ भी दिखा है। अब जीआरपी को निर्दयी मां की पुख्ता जानकारी मिल गई है। जल्द ही उसे हिरासत में ले लिया जाएगा। जीआरपी महिला के साथ युवक को भी अपने साथ उज्जैन ला सकती है।