उज्जैन की घट्टिया तहसील के सुतारखेड़ा गांव को मुख्य मार्ग से जोड़ने वाली लगभग एक किलोमीटर सड़क की हालत बेहद खराब है। आजादी के 75 साल बाद भी गांव वासी खराब सड़क के कारण परेशान हैं। इस समस्या के कारण ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित विभाग, सांसद और विधायक को कई बार अवगत कराया है। लेकिन आज तक उनकी समस्या का कोई भी समाधान नहीं हो पाया है, जिससे ग्रामीणों में जिला प्रशासन के प्रति काफी रोष पैदा हो रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि बच्चों को स्कूल जाते समय काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है। इस कीचड़ के कारण कई बार रहवासी इसमें फिसलते देखे जा सकते हैं।
कई बार स्कूल वाहन भी फस जाते हैं, लेकिन इस सबके बाद भी प्रशासन और जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों का इस ओर कोई ध्यान नहीं है। उन्होंने जिला प्रशासन से मांग की है कि जल्द ही उनकी इस समस्या का समाधान कराया जाए। अगर सड़क मार्ग नहीं बनाया जाता तो ग्रामीण आने वाले विधानसभा चुनाव का बहिष्कार करेंगे, जिसकी समस्त जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की रहेगी।