शादी समारोह में शामिल होकर लिफाफे और आभूषण चोरी करने वाले एक सांसी गिरोह के सदस्यों को मोबाइल नंबर की लोकेशन के आधार पर गिरफ्तार करने के लिए कर्नाटक पुलिस मंगलवार को उज्जैन पहुंची। जिन्होंने जीआरपी थाना पुलिस की मदद लेकर लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस गिरफ्त में आए कुछ लोग राजगढ़ के बताए जा रहे हैं। बाकी अन्य लोगों के बारे में भी कर्नाटक पुलिस जीआरपी के साथ मिलकर जानकारी जुटाने में लगी हुई है, जिससे कि इस पूरे गिरोह को पकड़ा जा सके।
पूरे मामले की जानकारी देते हुए जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौहान ने बताया कि कर्नाटक राज्य में अलग-अलग शादी समारोह में घुसकर तीन करोड़ रुपये से अधिक के सोने के जेवरात की चोरी करने वाले एक दर्जन से अधिक आरोपियों को पकड़ने के लिए कर्नाटक पुलिस उज्जैन आई थी, जिन्हें मोबाइल की लोकेशन के आधार पर यह पूरी जानकारी थी कि गिरोह के सदस्य किस ट्रेन से उज्जैन आने वाले हैं। चौहान ने बताया कि हमने कर्नाटक पुलिस की मदद की और पूरे गिरोह के लगभग एक दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया है।
एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया
कर्नाटक के धारवाड़ जिले की विद्यागिरि थाने की पुलिस ने राजगढ़ से उज्जैन आए सांसी गिरोह की महिला और पुरषों को चोरी के आरोप में पकड़ा है। कर्नाटक से आए पुलिसकर्मी ने बताया कि कुल तीन किलो से अधिक सोने के जेवरात की चोरी का मामला है, जिसे सांसी गिरोह की एक महिला और एक पुरुष ने मिलकर घटना को अंजाम दिया था। इसी को लेकर करीब एक दर्जन से अधिक लोगों को हिरासत में लिया है।
दो साल से कर रहे थे शादी समारोह में चोरी
जीआरपी थाना प्रभारी मोतीराम चौहान ने बताया कि कर्नाटक पुलिस इनका पीछा करते हुए उज्जैन पहुंची, जिनका कहना था कि कर्नाटक में यह गिरोह पिछले दो वर्षों से शादी समारोह में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दे रहा था। सांसी गिरोह के लोगों ने मिलकर शादियों में घुसकर जेवरात चोरी किए थे। पुलिस लोकेशन ट्रैस करते हुए उज्जैन तक आ पहुंची और इन्हें पकड़ लिया।