उज्जैन में नागदा बाइपास मार्ग पर कुत्ता बावड़ी चौराहा पर तेज गति जीप ने बाइक सवारों को टक्कर मार दी। दुर्घटना में बाइक चालक की मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी और बेटी घायल हो गई। सूचना के बाद महाकाल थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मृतक के शव तथा घायलों को अस्पताल लेकर आए।
महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि घटना बुधवार रात 11 बजे के करीब हुई। विजयागंज मंडी के समीप ग्राम उपड़ी निवासी कमल पिता रामलाल योगी अपनी पत्नी और बेटी सपना के साथ मोटर साइकिल से रात में कुत्ता बावड़ी चौराहा नागदा बाइपास मार्ग से गुजर रहा था। इस दौरान तेज गति से आई जीप के चालक ने उसे टक्कर मार दी। दुर्घटना में कमल की मौत हो गई, जबकि उसकी बेटी सपना और पत्नी घायल हो गए।
दुर्घटना के बाद जीप चालक वाहन लेकर भाग निकला। घटना के बाद वहां से गुजर रहे लोगों ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस टीम मौके पर आई और मृतक के शव तथा घायलों को अस्पताल लेकर पहुंचे। सुबह मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। सूचना के बाद परिजन तथा अन्य परिचित उज्जैन आ गए थे तथा शव उनके सुपुर्द कर दिया। महाकाल थाना पुलिस ने बताया कि टक्कर मारने वाली जीप के चालक का पता लगाया जा रहा है।