माता को भेंट किया सोने का मुकुट।
- फोटो : अमर उजाला
नवरात्रि के पावन पर्व पर आस्था और भक्ति का अद्भुत नजारा देखने को मिला। उज्जैन स्थित मां बगलामुखी धाम में एक श्रद्धालु ने अपनी मनोकामना पूरी होने पर मां को आधा किलो वजन का सोने का मुकुट अर्पित किया। इस गुप्त दान की जानकारी मंदिर के महंत 1008 पीर योगी राम नाथ महाराज ने दी। उन्होंने बताया कि नवरात्रि के अवसर पर मंदिर में विशेष पूजन और अभिषेक किया जा रहा है, जिसमें देश-विदेश से श्रद्धालु बड़ी संख्या में शामिल हो रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
मुख्यमंत्री ने पीतांबरा मां के किए दर्शन, बोले- धार्मिक नगरों में शराबबंदी माई के आशीर्वाद से संभव
महंत राम नाथ महाराज के अनुसार नवरात्रि के दौरान मां बगलामुखी की विशेष आराधना की जाती है और श्रद्धालु अपनी मनोकामना को लेकर पूजा-अर्चना करते हैं। जब उनकी इच्छाएं पूर्ण होती हैं, तो वे माता को भेंट स्वरूप विभिन्न वस्तुएं अर्पित करते हैं। इसी क्रम में एक भक्त ने गुप्त रूप से मां बगलामुखी को 500 ग्राम सोने का मुकुट समर्पित किया, जो अब मंदिर में मां की प्रतिमा पर विराजमान है। नवरात्रि के इन पावन दिनों में बगलामुखी धाम में विशेष अनुष्ठान और धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल होकर मां का आशीर्वाद प्राप्त कर रहे हैं।
ये भी पढ़ें-
भोपाल में हुआ 521 मीटर लंबी विशाल चुनरी यात्रा का भव्य आयोजन
नवरात्रि में होता है मिर्ची से हवन
उज्जैन के भैरवगढ़ में मां बगलामुखी माता मंदिर है। बगलामुखी माता मंदिर उज्जैन के सबसे सुंदर और आकर्षक मंदिरों में से एक है। बगलामुखी उज्जैन शहर में ही मौजूद है। बगलामुखी मंदिर उज्जैन में प्रतिदिन भक्तों का तांता लगा रहता है। मां बगलामुखी माता मंदिर की खासियत यह है कि यहां मंदिर में ही कई प्रमुख देवी-देवताओं के भी दर्शन का पुण्य लाभ भक्तों एक ही जगह मिलता है। यहां मौजूद है मां प्रत्यंगिरा जी माता मंदिर, श्री महाबली कालभैरव जी, श्री महावीर हनुमान जी, श्री खाटूश्याम बाबा, स्फटीक शिवलिंग, नवनाथ, नवगृह, नवदुर्गा, श्री शनिदेव, श्री मलंगनाथ सरकार की समाधि आदि। भारत के अन्य बगलामुखी मंदिरों की तरह ही यहां पर भी भक्तों की मनोकामना को पूर्ण करने के लिए मिर्ची से हवन यज्ञ किया जाता है। चैत्र नवरात्रि और शारदीय नवरात्रि में बगलामुखी माता मंदिर में भक्तों की काफी भीड़ रहती है।