उज्जैन में सोमवार सुबह एक दिल दहलाने वाली घटना घटित हुई थी, जिसमें एक महिला ने अपने साथ दो बच्चों को जहर पिलाकर सामूहिक आत्महत्या करने का प्रयास किया था। इस घटना में जहर पी चुके मां बेटे और बेटी को अस्पताल ले जाया गया था, जहां मां की उपचार के दौरान मौत हो गई थी। जबकि बेटी और बेटे को बचा लिया गया था। घटना के दौरान पुलिस को महिला के पास एक सुसाइड नोट भी मिला था, जिसमें उसने अपनी मौत का जिम्मेदार खुद को बताया था। इस पेचीदा मामले को पुलिस अभी तक सुलझा ही रही थी कि महिला के पति ने भी जहरीला पदार्थ गटक लिया। इसके बाद उसे बचाने के लिए जिला चिकित्सालय और एक प्राइवेट अस्पताल ले जाएगा, लेकिन यहां उसकी मौत हो गई।
पूरा घटनाक्रम कुछ इस प्रकार है कि 19 मई की रात को एमआर-5 रोड स्थित ग्रेटर रतन एवेन्यू में रहने वाली सीमा पति कमल त्रिवेदी उम्र 37 वर्ष ने अज्ञात कारणों के चलते जहरीला पदार्थ खाकर अपनी जान देने की कोशिश की थी। सीमा ने इस दौरान अपने 14 वर्षीय पुत्र अक्षत और सात वर्षीय पुत्री माही को भी जहर पिला दिया था। रात के समय जब सीमा की तबीयत खराब होने लगी और वह उल्टियां करने लगी तो पुत्र अक्षत ने फोन लगाकर पड़ोसियों और भैरवगढ़ के समीप ग्राम धूलोटिया में रहने वाले अपने नाना बालू सिंह को इस घटना की जानकारी दी थी। उसके बाद चिमनगंज थाना पुलिस ने घटना स्थल पर पहुंचकर और परिजनों की सहायता से तुरंत सीमा और उसके दोनों बच्चों अक्षत और माही को अस्पताल ले जाया गया था।
जहां सीमा की मौत हो गई, जबकि दोनों बच्चों का निजी अस्पताल में उपचार करवाया गया। जहां से उनकी छुट्टी कर दी गई है। इस घटना में शुक्रवार को उस समय एक नया मोड़ आ गया। जब सीमा के पति कमल त्रिवेदी ने भी भैरवगढ़ के समीप जहरीला पदार्थ खा लिया और इस बात की जानकारी अपने ससुर बालू सिंह को दी थी। कमल द्वारा जहरीला पदार्थ खाने की जानकारी लगते ही परिजनों ने उसे खोजा और तुरंत जिला चिकित्सालय ले आए। लेकिन यहां उसकी हालत में जब कोई सुधार नहीं हुआ तो उसे एक निजी चिकित्सालय ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
आत्महत्या का मामला और उलझा
पुलिस इस पूरे मामले को लेकर अब तक यही खोजबीन करने में जुटी हुई है कि आखिर ऐसी क्या परेशानी थी कि सीमा ने अपने साथ ही बेटे अक्षत और बेटी माही की भी जान लेने की कोशिश की थी। लेकिन पुलिस के लिए कमल द्वारा की गई आत्महत्या ने भी इस मामले को अब और उलझा दिया है।बताया जाता है कि मृतका सीमा उसका बेटा अक्षत और बेटी माही तीनों ग्रेटर रतन एवेन्यू में बने मकान में रहते थे। जबकि कमल की नौकरी नीमच में दिलीप बिल्डकॉन के यहां होने से वह ज्यादातर नीमच में ही रहता था। पड़ोसियों ने बताया कि सीमा का मायका भैरवगढ़ के पास ग्राम धुलेटीया में है।