धर्मनगरी उज्जैन के नीलगंगा थाना क्षेत्र स्थित संतराम सिंधी कॉलोनी में बुधवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब श्री सम्राट नवयुवक मित्र मंडल द्वारा सजाए गए गणेश पंडाल में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और चारों ओर से जल उठी इस आग की चपेट में आने से 11 फीट ऊंची भगवान श्री गणेश की भव्य प्रतिमा जलकर खंडित हो गई।
गणेशोत्सव पर्व को लेकर इस पंडाल को मां वैष्णोदेवी के दरबार की थीम पर बेहद आकर्षक रूप से सजाया गया था। यहां गजानन गणपति के साथ उनकी बहन अशोक सुंदरी की प्रतिमा भी स्थापित की गई थी। बुधवार शाम को जब पंडाल से अचानक तेज धुआं और आग की लपटें उठती दिखीं, तो आसपास के इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। स्थानीय लोगों ने तुरंत इसकी सूचना पुलिस और फायर ब्रिगेड को दी। सूचना मिलते ही नीलगंगा थाना पुलिस और दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। दमकलकर्मियों ने स्थानीय लोगों की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया, लेकिन तब तक आग की भीषण लपटों से पूरी प्रतिमा और पंडाल का सजावटी सामान जलकर खाक हो चुका था। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में कोई जनहानि नहीं हुई।
ये भी पढ़ें-
पांच दिन बंद रहेंगे बैंक: शनिवार-रविवार और हड़ताल रहेगी प्रभावी, उज्जैन में 297 शाखाओं पर ताला; निपटा लें काम
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही बिजली विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और जली हुई बिजली लाइनों को ठीक करने का काम शुरू किया। प्राथमिक जांच में आग लगने का मुख्य कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है। नीलगंगा थाना प्रभारी तरुण कुरील ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम और दमकल की गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था। समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे कोई बड़ा हादसा या जनहानि नहीं हुई। फिलहाल आगजनी के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए पंडाल का बारीक निरीक्षण किया जा रहा है और मामले की जांच जारी है।
ऐसे लगी आग
आग बुझाने की कोशिश करते कर्मचारी।