मध्य प्रदेश के उज्जैन जिले में रविवार को एक नाबालिग से गैंगरेप का मामला सामने आया। कहा गया कि नाबालिग को कार में ले जाकर तीन युवकों ने उसके साथ गैंगरेप किया। लेकिन, नाबलिग के बयान ने इस पूरे मामला को ही उलझा दिया। नाबालिग का कहना है कि एक युवक ने ही उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए थे। वहीं, पुलिस की अब तक की जांच में सामने आया कि नाबालिग मुख्य आरोपी को करीब पांच महीने से जानती थी और उसके संपर्क में भी थी।
जानकारी के अनुसार, चिमनगंज थाना पुलिस ने शनिवार देर रात नाबालिग और उसके परिजनों के बयान के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ दुष्कर्म का केस दर्ज किया था। इस मामले को शुरुआत से गैंगरेप कहा जा रहा था, जिसके बाद पुलिस ने आरोपी शाजापुर निवासी साहिल, अहमदनगर निवासी समीर और शकील के खिलाफ केस दर्ज कर उनकी तलाश शुरू की। रविवार को पुलिस ने मुख्य आरोपी साहिल को उसकी कार क्रमांक एमपी 15 सीबी 5519 के साथ गिरफ्तार किया। लेकिन, मामले को लेकर दिया गया एसपी का बयान इशारा करता है कि शायद यह मामला गैंगरेप से जुड़ा नहीं है। एसपी प्रदीप शर्मा का कहना है कि नाबालिग करीब पांच महीने पहले से मुख्य आरोपी को जानती है। वह एक शादी के दौरान उससे मिली थी। उसके बाद से दोनों फोन पर संपर्क में थे। इस बीच तीन से चार बार उनकी मुलाकात भी हो चुकी थी।
नाबलिग बोली- सिर्फ मुख्य आरोपी से शारीरिक संबंध
सूत्रों के मुताबिक, नाबालिग ने वन स्टॉप सेंटर में दिए गए बयान में बताया था कि घटना के दौरान कार में साहिल का दोस्त और उसका भाई बैठे थे। लेकिन, उसके साथ मुख्य आरोपी साहिल ने ही शारीरिक संबंध बनाए थे। हालांकि, इस मामले की सच्चाई क्या है, यह पुलिस की जांच के बाद ही सामने आएगा। पुलिस ने नाबालिग का मेडिकल परीक्षण करवाया है। सोमवार को न्यायालय में धारा 164 के तहत उसके बयान दर्ज किए जाएंगे।
साहिल और समीर से थी दोस्ती
बताया जा रहा है कि नाबालिग के साथ दुष्कर्म जरूर हुआ है, लेकिन वह मुख्य आरोपी साहिल से पहली बार नहीं मिली थी। वह पिछले काफी समय से साहिल के संपर्क में थी और उसके भाई समीर से भी उसकी दोस्ती थी। शुक्रवार को वह घर से गायब हुई थी और इन्हीं लोगों के साथ कार में घूम रही थी। शनिवार रात को यह लोग उसे आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के बाहर आगर रोड पर छोड़ गए।
गुमशुदा के रूप में परिजन कर रहे थे तलाश
नाबालिग के शुक्रवार सुबह घर से अचानक गायब होने के बाद परिजन लगातार उसकी तलाश में जुटे थे। उसका पता नहीं चलने पर परिजनों ने गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना चिमनगंज में दर्ज कराई थी। पुलिस और परिजनों के प्रयास के बाद शनिवार देर रात वह आरडी गार्डी मेडिकल कॉलेज के बाहर मिली और उसने अपने साथ दुष्कर्म होने की बात परिजनों को बताई। इसके बाद उसे तुरंत थाने लाया गया।
आरोपी गिरफ्तार, मामले की जांच जारी
पुलिस इस मामले में गहराई से जांच कर रही है। मुख्य आरोपी साहिल गिरफ्तार हो चुका है और अन्य दो आरोपियों की तलाश जारी है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की सच्चाई नाबालिग के बयान और सबूतों के आधार पर सामने आएगी।