उज्जैन में बिछड़ौद के बैंक में काम करने वाले एक युवक की बुधवार देर रात अज्ञात लोगों ने पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। गुरुवार सुबह उसकी लाश मिलने के बाद गांव में सनसनी फैल गई और पुलिस तथा एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई थी।
घटिया थाना पुलिस ने बताया कि सुबह बिछड़ौद के समीप सूलिया रोड पर एक युवक की खून से लथपथ लाश पड़ी होने की सूचना मिली थी। सूचना मिलने के बाद पुलिस और एफएसएल की टीम मौके पर पहुंच गई थी। पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान लाखन राठौर उम्र 30 साल निवासी बिछड़ौद के रूप में हुई है।
मृतक बिछड़ौद की यूको बैंक में काम करता था। सूचना मिलने के बाद उसके परिजन भी मौके पर आ गए थे और अभी तक उसकी हत्या का कारण पता नहीं चल पाया है। जांच के दौरान पुलिस को समीप ही खून से सना पत्थर भी मिला है, जिसके आधार पर पुलिस ने अनुमान लगाया है कि उसे कुचल कर मारा गया है। वह बैंक कर्मचारी था तथा लेन-देन के विवाद में यह घटना होने की आशंका है। पुलिस क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज चेक कर आरोपियों का पता लगाने का प्रयास कर रही है।