बच्चे के ऊपर से गुजरा गाड़ी का पहिया
- फोटो : सोशल मीडिया
'काल उसका क्या करे, जो भक्त हो महाकाल का' इसकी साक्षात मिसाल उज्जैन में देखने को मिली। जब एक चार साल के बालक पर अर्टिगा गाड़ी का पहिया चढ़ गया, किंतु उसे केवल मामूली चोट आई। यह बच्चा भले ही बाबा महाकाल का बड़ा भक्त न हो, लेकिन बाबा महाकाल की नगरी का प्रताप ही है कि इस घटना के बाद भी बच्चे की जान बच गई।
कुछ ऐसी ही घटना उज्जैन के बागपुरा की गली नंबर तीन में हुई, जब सड़क पर खेल रहा एक बच्चा अर्टिगा कार के अगले पहिए की चपेट में आ गया। चपेट में आने के बावजूद बच्चे को मामूली खरोंच आई और अब वह सुरक्षित है। दिल दहला देने वाली घटना का 40 सेकेंड का वीडियो सामने आया है। 40 सेकेंड के इस वीडियो की शुरुआत में एक बच्चा सड़क पर झुका हुआ दिख रहा है। वीडियो के 10वें सेकेंड में एक अर्टिगा गली से आती है और उसका अगला पहिया बच्चे के ऊपर से पूरा गुजर जाता है और बच्चा उसकी चपेट में आ जाता है। वाहन चालक नीचे उतरता है और बच्चे को उसके हाल पर छोड़कर गाड़ी लेकर रवाना हो जाता है।
दरअसल, गाड़ी की चपेट में आए बच्चे का नाम सुलक्ष जाटवा है और वह 54/3 बागपुरा में पिता रोशन जाटवा के साथ रहता है। सुलक्ष सड़क पर खेल रहा था और इसी दौरान उसे वाहन क्रमाकं एमपी-13 सीई-1202 ने अपनी चपेट में ले लिया, जिस तरह से वाहन ने सुलक्ष को अपनी चपेट में लिया, उसकी जान जा सकती थी। लेकिन गाड़ी की गति धीमी होने और भगवान महाकाल की कृपा होने से सुलक्ष को कुछ नहीं हुआ। यह गाड़ी महा शक्तिनगर के निवासी गौरव गड़करी के नाम पर रजिस्टर्ड है और इसे चेतन वाडिया चला रहा था। वाडिया की बहन बागपुरा में रहती हैं और वह उनसे मिलने आया था। टक्कर मारने के बाद वाडिया रुका तक नहीं और वाहन लेकर फरार हो गया। रोशन जाटवा ने घटना की शिकायत माधवनगर थाने में की है। हालांकि इस संबंध में आरोपी की गिरफ्तारी अब तक नहीं हुई है।