उज्जैन जिले के बड़नगर में 3 वर्षीय मासूम भागीरथ खेलते समय 70 फीट गहरे बोरवेल में गिर गया। मौके पर एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम बच्चे को बचाने के लिए लगातार ऑपरेशन चला रही हैं। कलेक्टर और एसपी भी मौके पर मौजूद हैं।
उज्जैन जिले की बड़नगर तहसील के पास झालरिया गांव में तीन वर्षीय मासूम खेलते-खेलते 70 फीट गहरे खुले बोरवेल में गिर गया। बच्चा अपने परिवार के साथ भेड़ चराने के लिए क्षेत्र में आया था। पलदूना रोड के पास खेलते समय अचानक वह बोरवेल में गिर गया।
विज्ञापन
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय ग्रामीण और आसपास के लोग बच्चे को बचाने की कोशिश करने पहुंचे, लेकिन गहराई ज्यादा के कारण बाहर नहीं निकाल पाए। मौके पर पहुंची एसडीआरएफ और स्थानीय रेस्क्यू टीम ने राहत-बचाव कार्य शुरू कर दिया है।
विज्ञापन
कलेक्टर रोशन सिंह और एसपी प्रदीप शर्मा भी घटनास्थल के लिए रवाना हो गए। प्रशासनिक अमला और बड़नगर थाना पुलिस भी मौजूद है। रेस्क्यू टीम ने बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की लगातार निगरानी की और उससे संपर्क बनाने की कोशिश की। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू ऑपरेशन में मदद कर रहे हैं।
खेलते वक्त बोरवेल में गिरा बच्चा
कलेक्टर रोशन कुमार सिंह के मुताबिक बच्चा भागीरथ (3) पिता प्रवीण देवासी, निवासी गुड़ानला (जिला पाली, राजस्थान) है। परिवार पिछले तीन दिनों से क्षेत्र में भेड़ चराने के लिए रुका हुआ था। इसी दौरान बच्चा खेलते-खेलते पलदूना रोड स्थित खुले बोरवेल में गिर गया।
कैमरे की मदद से रखी जा रही निगरानी
बोरवेल में कैमरा डालकर बच्चे की लगातार निगरानी की जा रही है और उससे संपर्क बनाने की कोशिश की जा रही है। स्थानीय ग्रामीण भी रेस्क्यू ऑपरेशन में सहयोग कर रहे हैं।