हादसे में इंदौर के तीन युवकों की मौत।
- फोटो : अमर उजाला
खाचरोद के पास उज्जैन-जावरा रोड पर बीती रात एक ट्राले ने बाइक सवार तीन युवकों को टक्कर मार दी, जिससे दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। तीसरा युवक गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती है। हादसा ग्राम फरनाखेड़ी के पास हुआ, जब तीनों युवक जावरा में डेकोरेशन का काम कर इंदौर लौट रहे थे। मृतकों की पहचान आयुष बोरासी और शुभम बोरासी के रूप में हुई है, जबकि अभिषेक गंभीर रूप से घायल है। ट्राला चालक मौके से फरार हो गया, पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस ने बताया कि हादसा रात करीब 2:30 बजे जावरा रोड पर ग्राम फरनाखेड़ी के समीप हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल से तीनों युवकों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने दो युवकों को मृत घोषित कर दिया। हादसे के बाद ट्रक चालक घटनास्थल से फरार हो गया। पुलिस ने बताया मृतकों की पहचान आयुष पिता शंकरलाल बोरासी और शुभम पिता चंदर बोरासी निवासी सोमनाथ की चाल इंदौर के रूप में हुई। युवक का नाम अभिषेक पिता दीनदयाल निवासी नंदानगर है। परिजन सुबह अस्पताल पहुंचे। परिजनों ने बताया तीनों दोस्त डेकोरेशन का काम करते थे। डेकोरेशन का काम ज्यादा होने पर वह साथ गए हुए थे। काम करके लौटते वक्त यह हादसा हो गया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर मर्ग कायम किया और पोस्टमॉर्टम के बाद परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
नानी के घर आए दंपती के बीच विवाद, पति ने फांसी लगाने की कोशिश की
अपराध के एक दूसरे मामले में माधव नगर थाना क्षेत्र स्थित किशनपुरा में एक और युवक आत्महत्या करने वाला था। गनीमत रही कि परिजन जाग गए और उसे बचा लिया। परिजनों ने उसे जिला अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती कराया। पुलिस ने बताया कोटा का रहने वाला दिव्यांश पिता विजय मेहरे उम्र 21 वर्ष अपनी पत्नी के साथ किशनपुरा में अपनी नानी कल्पना मेहरे के घर आया था। दिव्यांश की पत्नी का मायका भी उज्जैन में ही है। दोनों के बीच विवाह के बाद से ही कहासुनी चल रही है। सोमवार की दरमियानी रात 3 बजे दोनों पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर फिर कहासुनी हो गई। इसके बाद दिव्यांश ने फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या का प्रयास किया। पत्नी के शोर की आवाज सुनकर परिजन जागे और कमरे में जाकर देखा तो दिव्यांश फंदे पर लटका मिला। परिजनों ने उसे फंदा काटकर उतारा। वे बेसूध हो गया तो उसे जिला अस्पताल लेकर आए। यहां उसका उपचार किया जा रहा है। पुलिस उसकी पत्नी के बयान दर्ज करेगी। नानी कल्पना ने बताया दोनों के बीच विवाह के बाद से कहासुनी चलती रहती है।