उज्जैन दुग्ध विक्रेता संघ ने एक बार फिर दूध की कीमतों में इजाफा कर दिया है। दूध की कीमत दो रुपये प्रति लीटर बढ़ा दी गई है। यह निर्णय एक मार्च 2023 से लागू होगा। इस बढ़ोतरी के बाद दूध की कीमत 58 रुपये प्रति लीटर होगी।
दुग्ध विक्रेता संघ अध्यक्ष मोहन वासवानी ने बताया कि पशुओं के आहार चारा, सुकला तथा खली में पिछले कुछ समय से भाव में काफी वृद्धि हो चुकी है। इस कारण किसानों को नुकसान हो रहा था। दूध की लागत निकालना कठिन हो रहा था। इस वजह से किसान हित में दूध के भाव जो पूर्व में 56 रुपये लीटर था, उसे एक मार्च से शहर की समस्त डेयरी पर 58 रुपये प्रति लीटर से विक्रय करने का निर्णय लिया गया है। दुग्ध विक्रेता संघ ने कुछ माह पूर्व ही दूध की कीमत में दो रुपये प्रति लीटर की बढ़ोतरी की थी।