शनिवार सुबह सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हुआ, जिसमें कालभैरव मंदिर के बाहर आधा दर्जन सुरक्षा गार्ड एक श्रद्धालु के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। इस वीडियो में सुरक्षा गार्ड श्रद्धालु को बेल्ट, लाठी, और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटते दिखाई दे रहे हैं। यह वीडियो देखने के बाद लोगों के मन में सवाल उठ रहा है कि आखिर इन सुरक्षा गार्डों को श्रद्धालुओं के साथ इस तरह की हिंसा करने का अधिकार किसने दिया है? घंटों तक लाइन में खड़े रहने के बाद श्रद्धालु पहले ही थके होते हैं, और ऐसे में इस तरह की घटना उनकी भावनाओं को आहत करती है।
श्री कालभैरव मंदिर में प्रतिदिन हजारों श्रद्धालु भगवान के दर्शन के लिए आते हैं, लेकिन यहां की दर्शन व्यवस्था बहुत ही खराब है। श्रद्धालुओं के लिए सर्दी, गर्मी, और बरसात से बचने के लिए कोई समुचित व्यवस्था नहीं है। श्रद्धालु घंटों तक बेरिकेट में खड़े रहते हैं, और अगर एक बार लाइन से बाहर निकल जाएं, तो उन्हें वापस लाइन में लगने नहीं दिया जाता। शहर के लोग जैसे-तैसे दर्शन कर लेते हैं, लेकिन बाहर से आने वाले श्रद्धालुओं को सबसे ज्यादा कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
सुरक्षा की जिम्मेदारी के बावजूद हो रही है मारपीट
श्री महाकालेश्वर मंदिर की तरह ही श्री कालभैरव मंदिर की सुरक्षा की जिम्मेदारी क्रिस्टल एजेंसी के पास है, लेकिन इस एजेंसी के सुरक्षा गार्ड्स बार-बार अव्यवस्था और श्रद्धालुओं के साथ मारपीट के मामले में सुर्खियों में रहते हैं। यह पहली बार नहीं है जब सुरक्षा गार्ड्स द्वारा श्रद्धालुओं के साथ अभद्र व्यवहार किया गया हो। इससे पहले भी कई बार ऐसे मामले सामने आए हैं, और श्री महाकालेश्वर मंदिर में भी श्रद्धालुओं से मारपीट के मामलों में सुरक्षा गार्ड्स पर कार्यवाही हो चुकी है, लेकिन इसके बावजूद इनकी हरकतों में कोई सुधार नहीं आया है।
वायरल वीडियो में क्या दिख रहा है
एक मिनट एक सेकंड के इस वायरल वीडियो में देखा जा सकता है कि अचानक से सुरक्षा गार्ड्स आते हैं और एक युवक को पीटने लगते हैं। करीब आधा दर्जन सुरक्षा गार्ड्स अपने हाथों में लाठी और बेल्ट लेकर युवक को लात-घूंसों से पीटते हैं। अचानक हुए इस हमले से युवक कुछ समझ नहीं पाता, और वहां मौजूद अन्य लोग भी घबरा कर इधर-उधर भागने लगते हैं। इस मारपीट के दौरान कुछ समय के लिए भगदड़ जैसे हालात भी बन जाते हैं।
प्रशासन का तर्क: युवक शराब पीकर कर रहा था महिला श्रद्धालुओं को परेशान
कालभैरव मंदिर की प्रशासक संध्या मारकंडे ने कहा कि वीडियो में दिखाई दे रहा युवक शराब के नशे में था और महिला श्रद्धालुओं को परेशान कर रहा था। शिकायत मिलने पर उन्होंने सुरक्षा गार्ड्स को उसे पकड़ने के लिए भेजा था। हालांकि, प्रशासन का कहना है कि युवक को पकड़ने के बाद वैधानिक कार्यवाही की जा सकती थी, लेकिन उसके साथ की गई इस हिंसा ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं।
कालभैरव मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट करते गार्ड।
कालभैरव मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं के साथ मारपीट।