धार्मिक नगरी उज्जैन पहुंचे कांग्रेस के राष्ट्रीय प्रवक्ता और राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने बाबा महाकाल के दर्शन-पूजन के बाद भाजपा और केंद्र सरकार पर निशाना साधा। राहुल गांधी के छात्रों की गूंज कार्यक्रम को लेकर खेड़ा ने दावा किया कि इस अभियान से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नींद उड़ी हुई है और इसी घबराहट के कारण स्थानीय प्रशासन भी दबाव में काम कर रहा है।
बाबा महाकाल की पूजा-अर्चना के बाद मीडिया से बातचीत में पवन खेड़ा ने प्रशासनिक पाबंदियों पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी का छात्रों के बीच जाना और उनसे संवाद करना सरकार के लिए चिंता का विषय बन गया है। खेड़ा ने राजनीतिक दावा करते हुए कहा कि जब देश के प्रधानमंत्री ही राहुल गांधी से डरते हैं, तो प्रशासन का डरना स्वाभाविक ही है। महाकाल दर्शन के दौरान खेड़ा ने कहा कि बाबा के दरबार में उन्हें हमेशा असीम शांति मिलती है। उन्होंने देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि तथा सामाजिक सौहार्द की प्रार्थना करने की बात कही।
ये भी पढ़ें: इंदौर: राहुल गांधी की छात्रों की गूंज शनिवार को इंदौर में, छह घंटे रुकेंगे, विद्यार्थियों से करेंगे संवाद
दीपोत्सव के खर्च पर भी उठाए सवाल
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के मौके पर उज्जैन में आयोजित दीपोत्सव को लेकर भी पवन खेड़ा ने भाजपा सरकार पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि देश में बिहार की बाढ़ और दिल्ली में मासूमों की मौत जैसे गंभीर मुद्दे हैं। ऐसे में जन्मदिन के नाम पर करोड़ों रुपये खर्च करना संवेदनहीनता है। उज्जैन में दीपोत्सव के दौरान एक 12 वर्षीय बच्चे के झुलसने की घटना का जिक्र करते हुए खेड़ा ने दुख जताते हुए कहा कि कांग्रेस ध्यान भटकाने वाली राजनीति में शामिल नहीं होगी।
भाजपा ने किया पलटवार
राहुल गांधी के छात्रों की गूंज अभियान को लेकर उज्जैन में भाजपा और कांग्रेस के बीच बयानबाजी भी तेज है। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने अभियान पर पलटवार करते हुए आरोप लगाया कि इसका इस्तेमाल युवाओं के हित के बजाय कांग्रेस के भीतर उठने वाली विरोधी आवाजों को दबाने के लिए किया जा रहा है।
गौरतलब है कि राहुल गांधी का छात्रों की गूंज कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित है। कार्यक्रम को लेकर दोनों दलों के नेताओं की ओर से बयान सामने आ रहे हैं।